Jharkhand Protest: झारखंड की राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में JPSC, JSSC, CGL समेत विभिन्न परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ चल रहा छात्रों का आंदोलन 12वें दिन भी जारी है। JLKM के केंद्रीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो कई दिनों से भूख हड़ताल पर हैं। उन्होंने शर्त रखी थी कि वह तभी अनशन तोड़ेंगे जब सोनम वांगचुक रांची आकर उनसे मिलेंगे।
वांगचुक ने दिया रांची आने का आश्वासन
फोन पर हुई बातचीत में महतो ने वांगचुक से रांची आने का आग्रह किया और कहा कि वह उनके सामने ही जल ग्रहण करना चाहते हैं। इस पर वांगचुक ने आंदोलन के समर्थन में रांची आने का भरोसा दिया। उन्होंने महतो से स्वास्थ्य का ध्यान रखने और शहद व पानी लेने की अपील की। साथ ही समझाया कि अनशन का उद्देश्य खुद को नुकसान पहुंचाना नहीं, बल्कि सरकार को जगाना है। उन्होंने महात्मा गांधी का उदाहरण देते हुए बताया कि वे भी अनशन के दौरान पानी में नींबू मिलाकर लेते थे। लगातार आग्रह के बाद महतो ने पानी ग्रहण कर लिया।
कौन हैं देवेंद्र नाथ महतो?
रांची के एक गांव के रहने वाले देवेंद्र नाथ महतो ने बुंडू से स्कूली शिक्षा और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय, रांची से उच्च शिक्षा प्राप्त की है। वे संस्कृत, कुरमाली समेत जनजातीय और क्षेत्रीय भाषाओं में परास्नातक हैं तथा हजारीबाग से बीएड कर चुके हैं। वर्ष 2024 में वे तमाड़ सीट से निर्दलीय विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं। 2015 से छात्र आंदोलनों से जुड़े महतो की मां का निधन छठी JPSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी के खिलाफ आंदोलन के दौरान हुआ था। इस आंदोलन को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने भी समर्थन देने की घोषणा की है।
ये भी पढ़े: PM वीडियो विवाद पर मार्क जुकरबर्ग को 3 दिन का अल्टीमेटम, माफी मांगें या कार्रवाई के लिए रहें तैयार

