होम = Cover Story Latest = JNU ने उमर खालिद की किताब पर होने वाली चर्चा का ऑडिटोरियम बुकिंग कर दिया रद्द

JNU ने उमर खालिद की किताब पर होने वाली चर्चा का ऑडिटोरियम बुकिंग कर दिया रद्द

by | Aug 9, 2026 | Cover Story Latest

JNU Umar Khalid Book Discussion: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) ने उमर खालिद की किताब ‘Fractured Communities’ पर 10 अगस्त को प्रस्तावित चर्चा के लिए SSS-1 ऑडिटोरियम की बुकिंग रद्द कर दी है। यह कार्यक्रम दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक होना था। इसे JNU छात्र संघ (JNUSU) की ओर से आदिवासी दिवस के अवसर पर सार्वजनिक चर्चा के रूप में आयोजित किया जाना था। कार्यक्रम में प्रो. प्रभु महापात्र, प्रो. उमा चक्रवर्ती, शुद्धब्रत सेनगुप्ता, हर्ष मंदर और बानो ज्योत्स्ना लाहिड़ी समेत कई वक्ताओं के शामिल होने की योजना थी।

पूरी जानकारी नहीं देने का हवाला

विश्वविद्यालय की ओर से जारी नोटिस में कहा गया कि ऑडिटोरियम के लिए दिए गए वेन्यू रिक्वेस्ट फॉर्म में प्रस्तावित कार्यक्रम की पूरी जानकारी नहीं दी गई थी। JNU प्रशासन ने ऑडिटोरियम और परिसर के अन्य स्थानों के इस्तेमाल में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की जरूरत का हवाला देते हुए बुकिंग रद्द की। रद्दीकरण पत्र संयुक्त रजिस्ट्रार ने जारी किया और इसे स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज (SSS) के डीन ने मंजूरी दी।

CISLS के प्रोफेसर ने कराई थी बुकिंग

विश्वविद्यालय के मुताबिक, SSS-1 ऑडिटोरियम की मूल बुकिंग सेंटर फॉर इंटरनेशनल लीगल स्टडीज (CISLS) के डॉ. अविनाश कुमार ने कराई थी। बाद में कार्यक्रम की पूरी जानकारी सामने न आने के कारण इसे रद्द किया गया। JNU ने X पर कहा कि वह एक ‘लोकतांत्रिक और विकेंद्रीकृत संस्थान’ है। विश्वविद्यालय के अनुसार, कार्यक्रम को SSS के डीन से अनुमति मिली थी, लेकिन बाद में पूरी जानकारी साझा न किए जाने के कारण उसे रद्द कर दिया गया। विश्वविद्यालय ने कहा कि 10 अगस्त 2026 को होने वाले कार्यक्रम के बारे में ‘पूर्ण तथ्यों का खुलासा न होने’ के चलते ऑडिटोरियम की बुकिंग रद्द है। JNU ने संबंधित सभी लोगों से इस फैसले का संज्ञान लेने को कहा। यह कार्रवाई कार्यक्रम से एक दिन पहले की गई और विश्वविद्यालय ने इसे कार्यक्रम की जानकारी साझा करने से जुड़े निर्धारित प्रशासनिक नियमों के अनुरूप बताया।

ये भी पढ़े: बारामती एयरस्ट्रिप के पास ट्रेनिंग विमान की क्रैश लैंडिंग, दोनों लोग सुरक्षित