Joshimath Helicopter Crash: उत्तराखंड के चमोली जिले में जोशीमठ के पास एक हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा हाथी पहाड़ के पीछे चायी गांव के इलाके में हुआ। चमोली पुलिस ने हेलिकॉप्टर में सवार पायलट समेत सभी छह लोगों की मौत की पुष्टि की है। हेलिकॉप्टर बदरीनाथ से रवाना हुआ था और उड़ान के दौरान उसका संपर्क टूट गया था।
ट्रैकिंग सिस्टम से गायब हुई हेलिकॉप्टर की लोकेशन
उत्तराखंड सिविल एविएशन डेवलपमेंट अथॉरिटी (UCADA) के मुताबिक, ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलिकॉप्टर VT-HCX बदरीनाथ से देहरादून के सहस्त्रधारा के लिए रवाना हुआ था। उसने दोपहर करीब 1:14 बजे उड़ान भरी थी। जोशीमठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान हेलिकॉप्टर से संपर्क टूट गया और ट्रैकिंग सिस्टम पर उसकी लोकेशन मिलनी बंद हो गई। इसके बाद भारतीय सेना, चमोली जिला प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमों को तलाश और बचाव अभियान के लिए रवाना किया गया। तलाशी के लिए दो अन्य हेलिकॉप्टर भी लगाए गए थे। हादसे में हेलिकॉप्टर ट्रांस भारत कंपनी का बताया गया है।
पायलट समेत छह लोग थे सवार
UCADA की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, हेलिकॉप्टर में पायलट कैप्टन हिमांशु समेत कुल छह लोग सवार थे। यात्री सूची में प्रताप, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के और एचएस नटराज के नाम दर्ज हैं। चमोली पुलिस ने सभी छह लोगों की मौत की पुष्टि की है।
खराब मौसम से रेस्क्यू अभियान प्रभावित
हादसे वाले इलाके में लगातार बारिश और घने बादल छाए हुए हैं। इसके कारण दृश्यता काफी कम हो गई है और बचाव टीमों को अभियान चलाने में परेशानी आ रही है। टीमें बदरीनाथ और जोशीमठ के बीच के इलाके में तलाश कर रही थीं। खराब मौसम के कारण हेलिकॉप्टर की सही लोकेशन का पता लगाने में भी मुश्किल हुई।
सेना, SDRF और पुलिस की टीमें जुटीं
जोशीमठ के एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ ने शुरुआत में हेलिकॉप्टर क्रैश होने की सूचना मिलने की बात कही थी। उन्होंने बताया था कि इलाके में कुछ संदिग्ध चीजें दिखाई दी हैं और हादसे की आशंका है। सेना, एसडीआरएफ, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर भेजी गई थीं।
मुख्यमंत्री धामी ने दिए जरूरी निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चायी गांव के पास हेलिकॉप्टर दुर्घटना की सूचना पर चिंता जताई थी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की टीमें मिलकर बचाव अभियान चला रही हैं और वह पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। मुख्यमंत्री ने गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर पहुंचाने के निर्देश भी दिए थे।
अक्टूबर में भी हुई थीं दो इमरजेंसी लैंडिंग
अक्टूबर महीने में चारधाम यात्रा के दौरान हेलिकॉप्टरों की दो इमरजेंसी लैंडिंग की घटनाएं भी सामने आई थीं। इनमें एक घटना रुद्रप्रयाग में खराब मौसम के कारण हुई थी, जबकि दूसरी टिहरी में तकनीकी खराबी की वजह से हुई थी। हादसे के बाद एहतियात के तौर पर ट्रांस भारत एविएशन के पूरे हेलिकॉप्टर बेड़े को ग्राउंड कर दिया गया है।
ये भी पढ़ें: अमेरिका में मिड टर्म चुनाव की उलटी गिनती शुरू, 4.3 करोड़ लोगों ने पहले ही डाला वोट

