Saturday, Nov 14

होम = Breaking = कन्नौज: वकील की हत्या के आरोपी कांग्रेस नेता पर प्रशासन का शिकंजा, घर पर चला बुलडोजर

कन्नौज: वकील की हत्या के आरोपी कांग्रेस नेता पर प्रशासन का शिकंजा, घर पर चला बुलडोजर

Kannauj: उत्तर प्रदेश के कन्नौज में वकील अनुज चतुर्वेदी हत्याकांड के मुख्य आरोपी और कांग्रेस नेता अमोल दीक्षित के घर पर प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की है। जिला प्रशासन ने छिबरामऊ कस्बे के इब्राहिमगंज पड़ाव स्थित उनके मकान का एक हिस्सा गिरा दिया। आरोप है कि घर का यह हिस्सा सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करके बनाया गया था।

सरकारी जमीन पर तीन फीट कब्जे का आरोप

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को प्रशासन और नगर पालिका परिषद की संयुक्त टीम ने जेसीबी की मदद से मकान की दीवार और गेट को ढहा दिया। यह कार्रवाई SDM ज्ञानेंद्र कुमार द्विवेदी और तहसीलदार अभिनव वर्मा की मौजूदगी में हुई। मौके पर राजस्व विभाग, पुलिस और नगर पालिका के अधिकारी भी मौजूद थे।

प्रशासन का कहना है कि मकान के सामने करीब तीन फीट सरकारी जमीन पर कब्जा कर निर्माण किया गया था। सुनील दुबे, नीलू तिवारी, अतुल गुप्ता और कुलदीप यादव समेत स्थानीय लोगों ने इस संबंध में नगर पालिका में शिकायत की थी।

नोटिस के अगले दिन ही हुई कार्रवाई

शिकायत के बाद 12 नवंबर को नगर पालिका ने अमोल दीक्षित की मां मुन्नी देवी (अवध बिहारी दीक्षित की पत्नी) के नाम मकान पर नोटिस चस्पा किया था। इसमें 15 दिनों के भीतर स्वीकृत नक्शा और संबंधित दस्तावेज पेश करने को कहा गया था। ऐसा नहीं करने पर उत्तर प्रदेश नगरपालिका अधिनियम, 1916 के तहत निर्माण गिराने और नुकसान की भरपाई वसूलने की चेतावनी दी गई थी। हालांकि, पुलिस के अनुसार नोटिस के अगले ही दिन निर्माण ढहा दिया गया।

गौरतलब है कि अमोल दीक्षित पर 8 नवंबर को दिवाली की रात वकील अनुज चतुर्वेदी की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। इस घटना से पूरे जिले में चर्चा हुई थी।

ये भी पढ़े: भारत चाहता है कि ढाका की गारंटी मिलने के बाद ही बांग्लादेश लौटें शेख हसीना: रिपोर्ट