Friday, Sep 25

होम = Cover Story Top = “टीवी बंद करने की जिद… और फिर खौफनाक रात” कानपुर में पिता बना हैवान, CCTV में कैद पूरी वारदात

“टीवी बंद करने की जिद… और फिर खौफनाक रात” कानपुर में पिता बना हैवान, CCTV में कैद पूरी वारदात

Kanpur Crime News: कानपुर के किदवईनगर स्थित त्रिमूर्ति अपार्टमेंट से एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। एक मामूली घरेलू बहस टीवी बंद करने को लेकर ऐसी खौफनाक घटना में बदल गई, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।

रात 11 बजे तक सब सामान्य

शनिवार रात करीब 11 बजे तक परिवार का माहौल सामान्य था। आरोपी शशिरंजन मिश्रा ने पत्नी रेशमा, जुड़वां बेटियों रिद्धि-सिद्धि और बेटे रुद्रव के साथ खाना खाया। इसके बाद सभी टीवी देखने लगे। कुछ देर बाद आरोपी ने टीवी बंद कर सोने के लिए कहा, लेकिन बच्चों ने कार्टून देखने की जिद जारी रखी। इस पर उसने गुस्से में आकर सभी को डांटा और मारने की धमकी दी। डर के माहौल में परिवार अपने-अपने कमरों में चला गया।

आधी रात के बाद शुरू हुआ खौफनाक खेल

रात 1:50 बजे से 3:35 बजे के बीच आरोपी ने अपने साथ सो रही दोनों बेटियों की बेरहमी से हत्या कर दी। यह पूरी वारदात फ्लैट में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई। पुलिस के अनुसार, घर के लगभग हर हिस्से में कैमरे लगे थे, जिससे घटना की पूरी तस्वीर सामने आई।

पहले से रची गई थी साजिश

जांच में खुलासा हुआ कि यह हत्या अचानक गुस्से में नहीं, बल्कि सोची-समझी योजना के तहत की गई। आरोपी ने करीब पांच दिन पहले ही बाजार से 500 रुपये में चापड़ खरीदा था और उसे घर में छिपाकर रखा था। पूछताछ में उसने कबूला कि वह कई दिनों से इस वारदात की योजना बना रहा था, लेकिन मौका नहीं मिल पा रहा था।

एक-एक कर दोनों बेटियों को बनाया निशाना

आरोपी ने पहले सिद्धि को निशाना बनाया, क्योंकि उसे डर था कि अगर दूसरी बेटी पहले जाग गई तो विरोध कर सकती है। उसने पहले गला दबाया और फिर धारदार हथियार से वार किया। इसके बाद जब दूसरी बेटी रिद्धि जागी, तो उसे बहाने से बाथरूम ले गया और वापस लाकर उसकी भी हत्या कर दी।

पहले भी कर चुका था हमला

मामले में चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई कि आरोपी पहले भी हिंसक रहा है। करीब दो साल पहले उसने पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला किया था।पत्नी के अनुसार, आरोपी गुस्सैल स्वभाव का है और नशे का आदी भी है। पहले भी कई बार मारपीट और हमले की घटनाएं हो चुकी थीं, लेकिन हर बार मामला दब गया।

CCTV बना सबसे बड़ा सबूत

पुलिस को फ्लैट के अंदर लगे CCTV कैमरों से पूरी घटना की पुष्टि मिली। फुटेज में आरोपी की हर हरकत रिकॉर्ड हुई, जिससे साजिश और वारदात का क्रम साफ हो गया।

आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल चापड़ व हथौड़ा को भी बरामद कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है, हालांकि उसने हत्या के पीछे की स्पष्ट वजह नहीं बताई। यह घटना सिर्फ एक अपराध नहीं, बल्कि एक चेतावनी है की घरेलू हिंसा और मानसिक असंतुलन को नजरअंदाज करना कितनी बड़ी त्रासदी में बदल सकता है।

ये भी पढ़ें: दिल्ली को फिर से दहलाने की थी साजिश, दबोचे गए 4 युवक