Punjab: पंजाब के कपूरथला में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। गांव कादूपुर का रवि कुमार 5 अगस्त को अचानक घर से गायब हो गया था। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद रवि के पिता टीटी और भाई अमनदीप ने 11 अगस्त को थाना सिटी कपूरथला में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
गली-सड़ी लाश को समझ लिया रवि
जांच के दौरान पुलिस ने परिवार को कांजली रोड के पास बरामद एक अज्ञात शव की तस्वीर दिखाई। शव बुरी तरह सड़ चुका था और चेहरा पहचानना मुश्किल था। परिवार ने कपड़ों के आधार पर उसे रवि समझ लिया। इसी पहचान के आधार पर परिजनों ने शव को अपना बेटा मानकर अंतिम संस्कार कर दिया। 13 अगस्त को परिवार ने शव का अंतिम संस्कार किया और 15 अगस्त को रवि की याद में भोग (पिंडदान) की रस्म भी पूरी कर दी। घर में मातम था और सभी उसे खोने के दुख में थे।
2 सितंबर को आया ऐसा फोन, बदल गई कहानी
करीब 15 दिन बाद, 2 सितंबर को केंद्रीय जेल कपूरथला से परिवार के पास फोन आया। जेल कर्मचारी ने बताया कि रवि कुमार जेल में बंद है। परिजन पहले इस बात पर विश्वास नहीं कर सके। अगले दिन वे जेल पहुंचे, जहां उन्होंने रवि को अपनी आंखों के सामने जिंदा देखा। बेटे को सुरक्षित देखकर परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और मातम में डूबे घर में अचानक खुशियां लौट आईं।
जालंधर पुलिस ने किया था गिरफ्तार
जानकारी के मुताबिक, रवि को करीब एक महीने पहले जालंधर पुलिस ने आवारागर्दी के मामले में गिरफ्तार किया था और बाद में केंद्रीय जेल कपूरथला भेज दिया गया। परिवार को उसके जेल में होने की जानकारी नहीं थी। अब सबसे बड़ा सवाल उस शव की पहचान को लेकर है, जिसका अंतिम संस्कार रवि समझकर किया गया। चेहरा गल जाने के कारण पहचान संभव नहीं थी और परिवार ने कपड़ों के आधार पर शव की पहचान की थी। अज्ञात मृतक की वास्तविक पहचान अब पुलिस के लिए पहेली बनी हुई है।
पुलिस ने लापरवाही से किया इनकार
डीएसपी शीतल सिंह ने पुलिस की लापरवाही से इनकार करते हुए कहा कि शव बेहद गली-सड़ी हालत में था और परिवार ने खुद कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान की थी। पुलिस अब परिजनों से पूछताछ कर यह पता लगाएगी कि पहचान किस आधार पर हुई और मृतक आखिर कौन था। साथ ही रवि के लापता होने से लेकर जेल पहुंचने तक की पूरी कहानी भी जांची जाएगी। फिलहाल कादूपुर गांव में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
ये भी पढ़े: BLA का पाक सेना पर बड़ा हमला, 25 जवानों की मौत का दावा; मुनीर को खुला चैलेंज

