Kareena Kapoor Pendant Controversy: बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान इन दिनों अपने एक नेकलेस को लेकर विवादों में हैं। दिवाली के मौके पर पहनी गई उनकी ज्वेलरी में कुरान की आयत आयतुल कुर्सी लिखे पेंडेंट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस नेता अब्बास हफीज की ओर से करीना और उनकी स्टाइलिस्ट रिया कपूर को कानूनी नोटिस भेजे जाने के बाद मामला और बढ़ गया है। अब मशहूर लेखिका तस्लीमा नसरीन ने करीना का समर्थन करते हुए महिलाओं की आजादी और धार्मिक मामलों के नाम पर उनके पहनावे में दखल देने वालों पर तीखे सवाल उठाए हैं।
तस्लीमा नसरीन ने किया करीना का समर्थन
तस्लीमा नसरीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक लंबी पोस्ट लिखकर इस विवाद पर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने सवाल उठाया कि कुरान की आयत लिखा हुआ गहना पहनने पर इतना हंगामा क्यों किया जा रहा है। तस्लीमा के मुताबिक, किसी महिला को अपनी पसंद के कपड़े या गहने पहनने के लिए माफी मांगने पर मजबूर नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने साफ कहा कि करीना कपूर को इस मामले में माफी मांगने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने धर्म के स्वयंभू रखवालों पर भी निशाना साधा और महिलाओं के पहनावे तथा उनके शरीर को लेकर की जाने वाली दखलअंदाजी पर सवाल उठाए।
'परेशानी आयत से है या क्लीवेज दिखने से?'
तस्लीमा नसरीन ने अपनी पोस्ट में करीना की तस्वीरों में दिख रहे उनके पहनावे को लेकर भी व्यंग्यात्मक टिप्पणी की। उन्होंने सवाल किया कि क्या लोगों को वास्तव में कुरान की आयत वाले पेंडेंट से परेशानी है या फिर करीना का क्लीवेज दिखाई देने से? उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि क्या लोगों को लगता है कि अल्लाह ने क्लीवेज नहीं बनाया, बल्कि उसे शैतान ने बनाया है? लेखिका ने कहा कि यह कैसी सोच है, जहां पन्ने पर लिखे कुछ शब्दों की पवित्रता की चिंता तो की जाती है, लेकिन एक जीवित महिला के सम्मान और उसकी आजादी को महत्व नहीं दिया जाता। उनका कहना है कि अगर किसी व्यक्ति के लिए कोई धार्मिक आयत पवित्र है तो उसे उसका सम्मान करना चाहिए, लेकिन अपनी धार्मिक मान्यताओं को दूसरों पर थोपना सही नहीं है। किसी की धार्मिक भावनाएं आहत होने का दावा करने से उसे दूसरे की आजादी छीनने का अधिकार नहीं मिल जाता।
महिलाओं के पहनावे पर पहरा लगाने वालों पर निशाना
तस्लीमा ने धर्म के नाम पर महिलाओं को डराने और उनके कपड़ों पर निगरानी रखने की मानसिकता की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को उनकी पसंद के लिए जबरन माफी मांगने पर मजबूर करना गलत है। उन्होंने सवाल उठाया कि करीना से माफी मांगने की मांग करने के बजाय उन लोगों को माफी मांगनी चाहिए, जो एक महिला की सामान्य पसंद को विवाद का मुद्दा बना रहे हैं।
क्या है करीना कपूर के पेंडेंट को लेकर पूरा विवाद?
दरअसल, विवाद की शुरुआत करीना कपूर की दिवाली के मौके पर सामने आई तस्वीरों से हुई। इन तस्वीरों में वह डिजाइनर पुनीत बालाना का बेज रंग का कफ्तान और उससे मिलता-जुलता पगड़ी स्टाइल हेडगियर पहने नजर आई थीं। उनके लुक में सबसे ज्यादा चर्चा 30 कैरेट के पन्ने वाले पेंडेंट की हुई। इस पेंडेंट पर कुरान की आयत आयतुल कुर्सी लिखी हुई है, जो सूरह अल-बकरा की 255वीं आयत है। करीना की स्टाइलिस्ट रिया कपूर ने इस गहने के बारे में जानकारी देते हुए बताया था कि यह भोपाल के पूर्व शाही परिवार का करीब 200 साल पुराना खानदानी गहना है। यह करीना तक उनके पति सैफ अली खान के परिवार के जरिए पहुंचा है। सैफ की दादी साजिदा सुल्तान भोपाल के आखिरी शासक नवाब हमीदुल्लाह खान की बेटी थीं। इस तरह इस पेंडेंट का संबंध पटौदी और भोपाल के पुराने शाही परिवार से भी जुड़ा हुआ है।
कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने भेजा कानूनी नोटिस
इस मामले में कांग्रेस नेता और पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया समन्वयक अब्बास हफीज ने 11 नवंबर को करीना कपूर और उनकी स्टाइलिस्ट रिया कपूर को कानूनी नोटिस भेजा था। नोटिस में सोशल मीडिया से संबंधित तस्वीरें, वीडियो और पोस्ट हटाने की मांग की गई है। इसके साथ ही सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और भविष्य में कुरान की आयत को ऐसे तरीके से प्रदर्शित नहीं करने का आश्वासन देने को कहा गया है, जिससे उसकी धार्मिक पवित्रता प्रभावित हो सकती है। फिलहाल इस पूरे विवाद पर करीना कपूर खान और रिया कपूर की ओर से कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
ये भी पढ़ें: सोनिया गांधी का 12 साल पुराना वादा पूरा, किताब रिलीज होते ही गूगल पर 1550% बढ़ी सर्च

