Karnal Student: हरियाणा के करनाल में एक 15 वर्षीय छात्र के पश्चिमी यमुना नहर में छलांग लगाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि घर में हुई कहासुनी के बाद 9वीं कक्षा का छात्र प्रिंस गुस्से में घर से निकला और नहर में कूद गया। उसके बड़े भाई सोनू ने उसे रोकने और बचाने की कोशिश की, लेकिन वह हाथ छुड़ाकर पानी में चला गया। पुलिस और गोताखोरों ने रातभर उसकी तलाश की, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।
गुस्से में घर से निकला, नहर में लगाई छलांग
घटना करनाल के शास्त्री नगर की है। छात्र की पहचान 15 वर्षीय प्रिंस के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, घर से गुस्से में निकलने के बाद वह पश्चिमी यमुना नहर की तरफ भागा। आसपास के लोगों ने उसे नहर की ओर जाते देखा तो उसके बड़े भाई सोनू को सूचना दी। सोनू तुरंत उसके पीछे दौड़ा और नहर की ग्रिल के पास उसे पकड़कर रोकने की कोशिश की। इस दौरान दोनों के बीच खींचतान भी हुई, लेकिन प्रिंस भाई का हाथ छुड़ाकर नहर में कूद गया।
रातभर चला तलाश अभियान, सुबह फिर शुरू हुई खोज
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे। देर रात तक नहर में छात्र की तलाश की गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद सुबह दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। हालांकि, खबर लिखे जाने तक प्रिंस का कोई सुराग नहीं मिला था। परिजन भी अपने स्तर पर नहर में उसकी तलाश कर रहे हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और सभी को उसके मिलने का इंतजार है।
परिजनों ने कहा- पढ़ाई के लिए कहा था, गेम खेलने पर नहीं डांटा
परिजनों का कहना है कि घर में कोई बड़ी कहासुनी नहीं हुई थी। प्रिंस को केवल पढ़ाई करने के लिए कहा गया था। परिवार के मुताबिक, घरों में छोटी-मोटी बातचीत होती रहती है, लेकिन ऐसी कोई गंभीर बात नहीं हुई थी, जिसके कारण वह इतना बड़ा कदम उठा ले। प्रिंस के बड़े भाई सोनू ने बताया कि वह अपनी पत्नी को दवाई दिलाने गया था। घर लौटने पर उसने पत्नी से प्रिंस को खाना देने के लिए कहा, लेकिन छात्र ने खुद खाना देने की बात कही। इसके कुछ देर बाद वह गुस्से में घर से निकल गया। सोनू ने मोबाइल गेम खेलने को लेकर प्रिंस को डांटने की बात से भी इनकार किया है। हालांकि, शुरुआती जानकारी में PUBG खेलने से रोकने के बाद घर में कहासुनी होने की बात कही गई थी।
प्रशासन से सर्च ऑपरेशन तेज करने की अपील
प्रिंस के परिजनों ने जिला प्रशासन से तलाश अभियान तेज करने की मांग की है। उनका आरोप है कि मौके पर गोताखोर और पुलिसकर्मी मौजूद नहीं हैं। परिवार लगातार छात्र की तलाश में जुटा है और उसके सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए बैठा है।
ये भी पढ़ें: Gold Silver Rate Crash: दिवाली से पहले खरीदारों की मौज! सोना-चांदी के भाव में भारी गिरावट

