होम = Others = आम यात्री बनकर BMTC बस में चढ़े कर्नाटक के परिवहन मंत्री, कंडक्टर ने उतारने को कहा; दो कर्मचारी सस्पेंड

आम यात्री बनकर BMTC बस में चढ़े कर्नाटक के परिवहन मंत्री, कंडक्टर ने उतारने को कहा; दो कर्मचारी सस्पेंड

Karnataka: कर्नाटक के परिवहन मंत्री बायरथी सुरेश ने शनिवार रात बिना किसी सरकारी काफिले, सुरक्षा या पहचान के बेंगलुरु की BMTC बसों में आम यात्री बनकर सफर किया। करीब दो घंटे तक उन्होंने 10 से अधिक बसों में यात्रा की। इस दौरान उन्होंने टिकट खरीदा, बस स्टॉप पर इंतजार किया और यात्रियों की तरह पूरी व्यवस्था को परखा।

कंडक्टर ने कहा- खुले पैसे नहीं, बस से उतर जाइए

हेब्बल-नागशेट्टीहल्ली रूट की एक बस में मंत्री ने टिकट के लिए 100 रुपये का नोट दिया। आरोप है कि कंडक्टर ने खुले पैसे न होने की बात कहते हुए उन्हें बस से उतर जाने को कहा। मंत्री ने उस समय अपनी पहचान जाहिर नहीं की और पूरे सफर के दौरान कर्मचारियों के यात्रियों के प्रति व्यवहार का निरीक्षण करते रहे।

बस स्टॉप पार करने पर कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान एक अन्य BMTC बस फन वर्ल्ड बस स्टॉप पहुंची, जहां एक यात्री ने उतरने का संकेत दिया। आरोप है कि ड्राइवर और कंडक्टर ने बस रोके बिना ही स्टॉप पार कर दिया। निरीक्षण पूरा होने के बाद मंत्री ने दोनों कर्मचारियों को निलंबित करने के आदेश दिए।

ऑटो चालक से भी पूछा अतिरिक्त किराए का हिसाब

नागशेट्टीहल्ली में मंत्री ने एक ऑटो चालक को भी रोका। मीटर पर 30 रुपये किराया दिखने के बावजूद चालक 36 रुपये मांग रहा था। मंत्री ने मौके पर उससे अतिरिक्त छह रुपये लेने का कारण पूछा। कुछ देर चर्चा के बाद मामला वहीं सुलझा लिया गया।

आगे भी जारी रहेंगे ऐसे निरीक्षण

मंत्री ने कहा कि यदि वे अधिकारियों और सरकारी वाहन के साथ निरीक्षण करते तो सब कुछ सामान्य दिखाई देता। इसलिए उन्होंने आम यात्री बनकर वास्तविक स्थिति जानने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे और लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हेडलाइट खराब होने पर मोबाइल टॉर्च से चलाई थी बस

हाल ही में कर्नाटक रोडवेज की एक अन्य घटना भी चर्चा में रही थी। 4 जुलाई की रात कलबुर्गी से चिंचोली जा रही बस की हेडलाइट रास्ते में खराब हो गई थी। बस रोकने के बजाय चालक ने मोबाइल फोन की टॉर्च की रोशनी में बस चलाना जारी रखा। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद जांच हुई और परिवहन विभाग ने ड्राइवर समेत तीन कर्मचारियों को निलंबित कर दिया।

ये भी पढ़े: मिडिल ईस्ट तनाव के बीच भारत ने रिकॉर्ड रूसी तेल खरीदा, जून में आयात 34% बढ़ा: CREA रिपोर्ट