Karwa Chauth Gold Price: करवा चौथ पर सोने की कीमतों में तेजी का सिलसिला जारी है। लगातार चौथे दिन गोल्ड महंगा हुआ है, जबकि चांदी ने छह दिन की स्थिरता के बाद गिरावट दर्ज की है। बीते चार दिनों में 24 कैरेट सोना 1,380 रुपये और 22 कैरेट सोना 1,260 रुपये महंगा हो चुका है। वहीं, दिल्ली में आज दोनों कैरेट के सोने के भाव में 10-10 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। दूसरी ओर, औद्योगिक मांग में सुस्ती के बीच एक किलो चांदी 100 रुपये सस्ती हो गई है।
दिल्ली में 24 कैरेट सोना सबसे महंगा
सोने की कीमतों में तेजी के बीच अलग-अलग शहरों में भाव में मामूली अंतर देखने को मिल रहा है। राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोने के 10 ग्राम की कीमत 1,44,110 रुपये और 22 कैरेट सोने की कीमत 1,32,110 रुपये है। वहीं, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई और बेंगलुरु में 24 कैरेट सोना 1,43,960 रुपये और 22 कैरेट सोना 1,31,960 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है।
छह दिन बाद फिसली चांदी
दो दिन की बड़ी गिरावट के बाद चांदी के भाव लगातार पांच दिन स्थिर रहे, लेकिन आज इसमें फिर नरमी देखने को मिली है। चांदी की कीमत प्रति किलोग्राम 100 रुपये गिर गई है। इससे पहले 22 और 23 अक्टूबर को लगातार दो दिनों में एक किलो चांदी 10 हजार रुपये सस्ती हुई थी। आज दिल्ली में चांदी 2,19,900 रुपये प्रति किलो पर बिक रही है। मुंबई, चेन्नई और कोलकाता में भी चांदी का भाव इसी स्तर पर बना हुआ है।
फेड के फैसले से सोने को सहारा
अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने इस बार ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया, जिससे सोने जैसी ब्याज नहीं देने वाली संपत्तियों को सहारा मिला है। आमतौर पर फेड की सख्त मौद्रिक नीति या ब्याज दरें बढ़ाने के संकेत सोने की कीमतों पर दबाव डालते हैं। हालांकि, इस समय कच्चे तेल की ऊंची कीमतें सोने की तेजी को सीमित कर रही हैं।
ये भी पढ़ें: दिवाली से पहले सोना-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट, चांदी ₹16,500 और सोना ₹5,700 से ज्यादा सस्ता

