Kaushambi Suicide Attempt: उत्तर प्रदेश के कौशांबी में पत्नी से विवाद के बाद एक युवक ने फेसबुक लाइव आकर गंगा नदी में छलांग लगा दी। हालांकि, घाट पर मौजूद मछुआरों ने समय रहते युवक को पानी से बाहर निकाल लिया। गंभीर हालत में उसका इलाज मूरतगंज में चल रहा है। मामला संदीपन घाट थाना क्षेत्र में बसेड़ी गांव के पास राम वन गमन पथ स्थित गंगा ओवरब्रिज के नीचे का है।
पत्नी से विवाद के बाद मायके चली गई थी
बताया जा रहा है कि 26 वर्षीय अंकित कुमार की करीब डेढ़ साल पहले प्रयागराज के सोरांव थाना क्षेत्र की रहने वाली प्रिया से शादी हुई थी। मंगलवार को मोबाइल फोन को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद पत्नी बच्चे को लेकर मायके चली गई। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद पत्नी के पिता और भाई भी वहां पहुंचे और अंकित के साथ मारपीट की। बुधवार सुबह अंकित पत्नी और बच्चे को लेकर परेशान था। इसी दौरान उसने फेसबुक पर लाइव आकर ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए। उसने लाइव के दौरान एक कथित सुसाइड नोट भी दिखाया और अपनी परेशानी के बारे में बताया।
गंगा में कूदने के बाद मछुआरों ने बचाया
फेसबुक लाइव के बाद अंकित करीब 11 बजे बसेड़ी के पास गंगा नदी पहुंचा और पानी में छलांग लगा दी। युवक को डूबता देखकर मौके पर मौजूद मछुआरों ने उसे बाहर निकाला और परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलने के बाद पुलिस और परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। अंकित की हालत गंभीर होने पर उसे मूरतगंज स्थित स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि अंकित नगर पालिका परिषद भरवारी में संविदा कर्मचारी के तौर पर काम करता है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
अंकित ने फेसबुक लाइव के दौरान ससुराल पक्ष के कुछ लोगों पर धमकी देने और प्रताड़ित करने के आरोप भी लगाए थे। उसने पहले पुलिस से शिकायत किए जाने की बात भी कही। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। सीओ सिराथू सतेंद्र तिवारी के मुताबिक, मामले की जानकारी मिली है और जांच-पड़ताल की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े आरोपों और पूरे विवाद की जानकारी जुटा रही है।
ये भी पढ़ें: WION Summit में गजेंद्र शेखावत का बड़ा संदेश, बोले 2047 तक विकसित राष्ट्र बनेगा भारत

