होम = Breaking = Khan Sir Coaching Fire: मुसल्लहपुर हाट स्थित कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग

Khan Sir Coaching Fire: मुसल्लहपुर हाट स्थित कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग

Khan Sir Coaching Fire: पटना में मशहूर शिक्षक खान सर के कोचिंग सेंटर में गुरुवार शाम अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यह घटना मुसल्लहपुर हाट स्थित खान ग्लोबल स्टडीज संस्थान में हुई, जहां आग लगने के बाद कोचिंग के बाहर छात्रों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें इमारत से धुआं निकलता दिखाई दे रहा है। फिलहाल आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है। हादसे के समय कोचिंग में कितने छात्र मौजूद थे और किसी के हताहत होने की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

कोचिंग के बाहर लगी आग, पहले भी मिला था फायर सेफ्टी नोटिस

यह घटना कदमकुआं थाना क्षेत्र स्थित किसान कोल्ड स्टोरेज कैंपस की है, जहां खान ग्लोबल स्टडीज सेंटर संचालित होता है। जानकारी के मुताबिक आग कोचिंग सेंटर के बाहर लगे साइनबोर्ड में लगी थी, जिस पर समय रहते काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया। बताया जा रहा है कि अग्निशमन विभाग की ओर से संस्थान को पहले भी कई बार फायर सेफ्टी मानकों का पालन नहीं करने को लेकर नोटिस जारी किए गए थे। हालांकि आग लगने के कारणों की जांच अभी जारी है।

धुआं उठते ही छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला गया

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय किसान कोल्ड स्टोरेज कैंपस में बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे। खान ग्लोबल स्टडीज के पास स्थित बिजली पैनल के समीप धुआं उठता देख कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। स्थिति को देखते हुए कोचिंग प्रबंधन ने तुरंत सभी छात्रों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। खबर लिखे जाने तक आग लगने की घटना पर कोचिंग प्रबंधन या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।