Kimi Antonelli F1 Champion: मेक्सिको सिटी ग्रैंड प्रिक्स में पोडियम पर जगह बनाने के साथ ही इटली के किमी एंटोनेली ने 2026 फॉर्मूला वन विश्व चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया। रेस में मैक्स वर्स्टापेन पहले और लुईस हैमिल्टन दूसरे स्थान पर रहे, जबकि एंटोनेली ने तीसरे स्थान पर रहते हुए खिताबी जीत दर्ज की।
वेटेल का 16 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा
मेक्सिको सिटी ग्रैंड प्रिक्स में तीसरे स्थान पर रहने के साथ ही 20 वर्षीय किमी एंटोनेली ने इतिहास रच दिया। वह फॉर्मूला वन विश्व चैंपियनशिप जीतने वाले सबसे युवा ड्राइवर बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड जर्मनी के सेबस्टियन वेटेल के नाम था, जिन्होंने 2010 में 23 साल की उम्र में खिताब जीता था। एंटोनेली 1953 के बाद विश्व चैंपियन बनने वाले पहले इतालवी ड्राइवर भी हैं। उनकी इस उपलब्धि ने एफ1 इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया है।
खिताब की खबर सुन भावुक हुए एंटोनेली
विश्व चैंपियन बनने की खबर मिलते ही एंटोनेली भावुक हो गए। रेस खत्म होने के बाद स्लोडाउन लैप के दौरान टीम ने उन्हें खिताब जीतने की जानकारी दी। यह सुनकर वह कुछ देर तक रेडियो पर कुछ बोल नहीं सके। उनकी आवाज में खुशी और आंसुओं का मिला-जुला अहसास था। खुद को संभालने के बाद उन्होंने टीम का शुक्रिया अदा करते हुए कहा, "आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद। हमने कर दिखाया।"
ये भी पढ़ें: विराट कोहली और सूर्यकुमार संयुक्त नंबर 1, ईशान किशन ने तोड़ा रोहित शर्मा का रिकॉर्ड

