Kishtwar: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में लापता हुए दो विशेष पुलिस अधिकारियों (SPO) के गोलियों से छलनी शव गुरुवार सुबह डाचन के जंगल क्षेत्र से बरामद किए गए। दोनों जवानों की पहचान 45 वर्षीय रशपाल सिंह और 57 वर्षीय बॉबी चंद के रूप में हुई है। बुधवार दोपहर मारवाह के देहरना जंगल क्षेत्र में गोलीबारी की आवाज सुनाई देने के बाद से दोनों लापता थे। अधिकारियों ने घटना में आतंकी साजिश की आशंका से इनकार नहीं किया है।
सूत्रों के मुताबिक, दोनों के शव उस जगह से करीब दो किलोमीटर दूर मिले, जहां से वे लापता हुए थे। दोनों को कई गोलियां मारी गई थीं और उनके सर्विस हथियार भी गायब हैं।
सेना की टीम को राहत देने जा रहे थे जवान
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों SPO स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) का हिस्सा थे। वे इंदरवान क्षेत्र के ऊपरी रिज देहरना में कियार डाचन से बसनान जा रहे थे। यहां उन्हें सेना की 17 राष्ट्रीय राइफल्स की तैनात टीम को राहत देनी थी। बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे जंगल में गोलीबारी की सूचना मिली। इसी दौरान मारवाह इलाके में एयरटेल मोबाइल नेटवर्क सेवाएं भी बाधित हो गई थीं।
शाम करीब 7 बजे SHO के साथ SOG की टीम मौके पर पहुंची और दोनों जवानों की तलाश शुरू की। एक शव सुबह करीब 8 बजे और दूसरा 9 बजे बरामद हुआ।
तीन आतंकियों के शामिल होने का शक, लश्कर कनेक्शन की जांच
सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकियों की तलाश में बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया है। शुरुआती जांच में कम से कम तीन आतंकियों के शामिल होने की आशंका है, जिनमें दो विदेशी बताए जा रहे हैं।
एक अन्य शुरुआती जांच के मुताबिक, हमलावरों ने AK-47 से CRPF के नाके पर अंधाधुंध फायरिंग की और पैदल भाग निकले। उन्होंने करीब 50 मीटर दूर दलदली इलाके से नाके तक पहुंचने और भागते समय पेड़ों व झाड़ियों की आड़ लेने का इस्तेमाल किया।
पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है और कैमरों से कई अहम सुराग मिले हैं। जांच एजेंसियों को लश्कर-ए-तैयबा नेटवर्क की भूमिका का संदेह है। तीन संदिग्ध लश्कर ओवरग्राउंड वर्कर्स (OGW) से पूछताछ की जा रही है। स्थानीय OGW द्वारा रेकी करने, हमलावरों को पनाह देने और रसद मुहैया कराने की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
शगुन परिहार ने पाकिस्तान पर लगाया आरोप
किश्तवाड़ की BJP विधायक शगुन परिहार ने जवानों की हत्या को बेहद दुखद घटना बताया। उन्होंने पाकिस्तान पर साजिश रचने का आरोप लगाते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने दो जवानों की मौत के जवाब में चार गुना ताकत से जवाब देने की बात कही और घटनास्थल के लिए रवाना होने की जानकारी दी।
सुरक्षा एजेंसियों को दिवाली के आसपास संभावित हमले के सामान्य खुफिया इनपुट पहले ही मिले थे। सर्दियों से पहले आतंकियों के ऊंचाई वाले इलाकों से निचले क्षेत्रों में आने की आशंका भी जताई गई है। माना जा रहा है कि ज्यादातर आतंकी पाकिस्तानी नागरिक हैं और लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े हैं। फिलहाल कश्मीर में केवल एक स्थानीय आतंकी सक्रिय बताया जा रहा है।

