Kerala: केरल हाईकोर्ट ने गुरुवार को कोच्चि मर्सिडीज हादसे में आरोपी 17 वर्षीय किशोर के जज पिता को अग्रिम जमानत दे दी। 25 अक्टूबर की सुबह कथित तौर पर नाबालिग की मर्सिडीज कार ने स्कूटर को टक्कर मार दी थी, जिससे चित्तूर इलाके में स्ट्रीट फूड का ठेला लगाने वाले 55 वर्षीय जयबालकृष्णन की मौत हो गई थी।
चार घंटे की पूछताछ के बाद मिली राहत
जस्टिस कौसर एडप्पागथ की एकल पीठ ने कहा कि न्यायिक अधिकारी से चार घंटे पूछताछ हो चुकी है और हिरासत में पूछताछ की जरूरत नहीं है। अदालत ने उनके जांच में सहयोग करने की बात भी कही।
मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण के पीठासीन अधिकारी जज से बुधवार को अलुवा पुलिस क्लब में क्राइम ब्रांच ने कई घंटे पूछताछ की थी। उन्हें गुरुवार को दोबारा बुलाया गया था।
नाबालिग पर गैर इरादतन हत्या का मामला
हादसे के बाद किशोर को घटनास्थल से पकड़ा गया था। किशोर न्याय बोर्ड ने उसे जमानत दे दी थी। उस पर गैर इरादतन हत्या और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज है। शुक्रवार को एर्नाकुलम की विशेष अदालत उसकी जमानत रद्द करने की याचिका सुनेगी।
जज पिता पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत केस
जज के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 199A के तहत मामला दर्ज है। इसमें नाबालिग के अपराध पर वाहन मालिक या अभिभावक को तीन साल तक जेल, 25 हजार रुपये जुर्माना और वाहन का पंजीकरण 12 महीने रद्द करने का प्रावधान है। कानून में नाबालिग द्वारा अभिभावक या मालिक की सहमति से वाहन इस्तेमाल करने की धारणा का प्रावधान भी है।
चार पुलिसकर्मी निलंबित, कमिश्नर बदले
राज्य सरकार ने जांच में लापरवाही स्वीकार करते हुए चेरानल्लूर थाने के चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया है। बुधवार को कोच्चि सिटी पुलिस कमिश्नर कलीराज महेश कुमार को हटाकर 2008 बैच की आईपीएस अधिकारी आर निशांतिनी को नियुक्त किया गया।
ये भी पढ़े: पश्चिम बंगाल में दिवाली पर सिर्फ ग्रीन पटाखों की अनुमति, रात 8 से 10 बजे तक ही जला सकेंगे क्रैकर्स

