होम = Breaking = कोल्हापुर में बंद मकान में जोरदार धमाका, कई घर क्षतिग्रस्त; इलाके में दहशत

कोल्हापुर में बंद मकान में जोरदार धमाका, कई घर क्षतिग्रस्त; इलाके में दहशत

Kolhapur house blast: महाराष्ट्र के कोल्हापुर से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। शहर के सुर्वे नगर इलाके में एक बंद मकान में हुए जोरदार विस्फोट से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। धमाका इतना तेज था कि आसपास के मकान तक हिल गए और घबराए लोग तुरंत घरों से बाहर निकल आए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य एजेंसियां मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गईं।

धमाके से मकान क्षतिग्रस्त, आसपास के घरों को भी नुकसान

राहत की बात यह रही कि इस विस्फोट में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, धमाके से बंद मकान की दीवारें और छत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। विस्फोट का असर आसपास के कई घरों पर भी पड़ा, जहां खिड़कियों के शीशे टूट गए और कुछ मकानों की दीवारों में दरारें आ गईं। प्रशासन ने पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।

बंद पड़े मकान में विस्फोटक कैसे पहुंचा?

पुलिस के अनुसार, जिस मकान में विस्फोट हुआ वह लंबे समय से बंद पड़ा था। घर में रहने वाली महिला का कुछ महीने पहले निधन हो चुका था, जिसके बाद से वहां कोई नहीं रह रहा था। ऐसे में जांच का सबसे बड़ा सवाल यही है कि बंद पड़े मकान के अंदर विस्फोटक सामग्री कैसे पहुंची और धमाका किस वजह से हुआ।