Kolkata Hotel Fire: कोलकाता के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित एक होटल में बुधवार तड़के भीषण आग लग गई। हादसे के वक्त ज्यादातर लोग सो रहे थे, जिससे 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है और सभी बांग्लादेशी नागरिक बताए जा रहे हैं। कोलकाता के मिर्जा गालिब स्ट्रीट होटल अग्निकांड में 9 लोगों की मौत हुई, जबकि घटना की पूरी टाइमलाइन और राहत-बचाव अभियान से हादसे की गंभीरता और स्पष्ट होती है।
28 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया
पुलिस के मुताबिक, रात करीब 2 बजे होटल में आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची। राहत-बचाव अभियान के दौरान 28 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि करीब 6 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। होटल संकरी गली में होने के कारण आग बुझाने और राहत कार्य में दमकलकर्मियों को काफी परेशानी हुई। पुलिस के अनुसार, होटल में आग बुझाने के पर्याप्त उपकरण भी नहीं थे। फिलहाल आग लगने की वजह का पता नहीं चल सका है।
2 दिन पहले तारापीठ में लगी थी आग
कोलकाता होटल अग्निकांड से दो दिन पहले बीरभूम के तारापीठ में भी एक होटल में आग लगी थी। सोमवार को शॉर्ट सर्किट से लगी इस आग में 22 लोगों को बचाया गया, जबकि 11 को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इनमें से 7 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 5 मेघालय और 3 अलीपुरद्वार के बताए गए हैं।

