Kulgam CRPF Attack: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार दोपहर CRPF के नाके पर हमला हुआ। मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हमलावरों ने वहां तैनात जवानों पर गोलीबारी की और मौके से फरार हो गए। इस हमले में CRPF के तीन जवान घायल हुए हैं। सभी को इलाज के लिए अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) में भर्ती कराया गया है।
दोपहर 2:15 बजे हुई फायरिंग
CRPF के मुताबिक, हमला दोपहर करीब 2:15 बजे हुआ। हमलावरों ने नाके पर तैनात जवानों को निशाना बनाया। जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। शुरुआत में दो जवानों के घायल होने की जानकारी मिली थी, लेकिन बाद में तीन जवानों को अस्पताल पहुंचाए जाने की पुष्टि हुई।
घायलों में राकेश दास के पैर में गोली लगी है और उनकी हालत स्थिर है। संतोष चंद्रू के पेट और रीढ़ की हड्डी में गोली लगी है। उनकी हालत गंभीर है और ऑपरेशन किया जा रहा है। वहीं, सोमवीर सिंह के बाएं हाथ में गोली लगी है। उनकी स्थिति भी स्थिर बताई गई है।
इलाके की घेराबंदी, सर्च ऑपरेशन जारी
हमले की सूचना मिलते ही क्विक रिएक्शन टीमें (QRT) मौके पर पहुंचीं। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल नेशनल हाईवे से करीब चार किलोमीटर दूर बताया गया है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान जारी है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।
ये भी पढ़े: ‘भगवान सबके हैं’, केदारेश्वर से मथुरा-वृंदावन तक दर्शन करेंगे अखिलेश यादव, PDA पर भी कही बात

