Tuesday, Nov 10

होम = State = कुशीनगर में ट्रेलर और ओमनी वैन की भीषण टक्कर, 6 लोगों की मौत; दो की हालत गंभीर

कुशीनगर में ट्रेलर और ओमनी वैन की भीषण टक्कर, 6 लोगों की मौत; दो की हालत गंभीर

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में रविवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। हाटा-पिपराइच मार्ग पर थरुआडीह हनुमान मंदिर के पास एक ट्रेलर और मारुति ओमनी वैन की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार सभी लोग अंदर फंस गए। स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत-बचाव अभियान चलाया। घायलों को पहले हाटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

मांगलिक कार्यक्रम से लौट रहा था परिवार

यह हादसा हाटा कोतवाली क्षेत्र में हुआ। वैन में सवार आठ लोग हाटा में एक रिश्तेदार के यहां तिलक समारोह में शामिल होकर कप्तानगंज लौट रहे थे।

इसी दौरान अहिरौली बाजार की तरफ से आ रहे ट्रेलर से उनकी वैन की टक्कर हो गई। सभी मृतक कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलुही गांव के रहने वाले बताए गए हैं।

गैस कटर से काटकर निकाले गए लोग

टक्कर के बाद वैन का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया था। इसकी वजह से अंदर बैठे लोग फंस गए। पुलिस और बचाव दल ने गैस कटर की मदद से वाहन को काटकर लोगों को बाहर निकाला।

हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दो घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी पहचान 14 वर्षीय आयुष और 19 वर्षीय आर्यन के रूप में हुई है।

मृतकों में पिता और उनके दो बेटे शामिल

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मृदुल मिश्रा (38), कन्हैया प्रसाद (45), मिथिलेश गुप्ता (22), रंजय गुप्ता (38), राम मिलन (38) और रामविलास (68) के रूप में हुई है।

मृतकों में रामविलास और उनके दो बेटे राम मिलन व कन्हैया प्रसाद शामिल हैं। वहीं, रंजय गुप्ता CRPF में तैनात थे और छुट्टी पर घर आए हुए थे। उनकी ड्यूटी पर 5 नवंबर को वापसी होनी थी।

मुख्यमंत्री योगी ने जताया दुख

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर पुलिस हादसे की जांच कर रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य तेज करने और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस के मुताबिक, हादसे के कारणों की जांच जारी है। कुशीनगर के एसपी केशव कुमार ने बताया कि वैन चालक के नशे में होने की आशंका है। ट्रेलर चालक का पता लगा लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।