Monday, Aug 31

होम = Breaking = किर्गिस्तान में SCO समिट आज से, PM मोदी समेत दुनिया के कई बड़े नेता होंगे आमने-सामने

किर्गिस्तान में SCO समिट आज से, PM मोदी समेत दुनिया के कई बड़े नेता होंगे आमने-सामने

SCO Summit 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में होने वाले 26वें शंघाई सहयोग संगठन यानी SCO शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। आपको बता दें कि प्रधानमंत्री रविवार को बिश्केक पहुंच गए थे। मानस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर किर्गिस्तान के कैबिनेट ऑफ मिनिस्टर्स के चेयरमैन आदिलबेक कासिमालिएव ने पीएम मोदी का स्वागत किया। इस दौरान दोनों देशों के बीच संबंधों और क्षेत्रीय सहयोग से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। वहीं, SCO शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी भारत की प्राथमिकताओं और वैश्विक चुनौतियों को लेकर अपना पक्ष रखेंगे।

SCO मंच से आतंकवाद पर भारत का सख्त रुख

SCO शिखर सम्मेलन में भारत आतंकवाद के खिलाफ अपना स्पष्ट और सख्त संदेश दे सकता है। भारत 2017 से इस संगठन का सक्रिय सदस्य है और क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर लगातार अपनी भूमिका मजबूत कर रहा है। किर्गिस्तान रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि भारत सुरक्षा, कनेक्टिविटी और अवसरों पर आधारित क्षेत्रीय सहयोग के विजन को आगे बढ़ाने के लिए SCO के साथी देशों के साथ मिलकर काम करना चाहता है। सम्मेलन में आतंकवाद के अलावा क्षेत्रीय स्थिरता और आपसी सहयोग जैसे मुद्दे भी चर्चा के केंद्र में रह सकते हैं।

SCO समिट से इतर मोदी-पुतिन की मुलाकात

बिश्केक में SCO शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की अहम मुलाकात प्रस्तावित है। 31 अगस्त को होने वाली इस द्विपक्षीय बैठक में दोनों नेता भारत-रूस की रणनीतिक साझेदारी और आपसी रिश्तों के अलग-अलग पहलुओं की समीक्षा करेंगे। माना जा रहा है कि बातचीत के एजेंडे में व्यापार, ऊर्जा, उर्वरक और रक्षा के साथ क्षेत्रीय हालात भी शामिल रहेंगे। इसके अलावा दोनों देश आर्थिक सहयोग को और मजबूत करने और व्यापार में असंतुलन कम करने के नए रास्तों पर भी चर्चा कर सकते हैं।