China PLA LAC Deployment: भारत-चीन सीमा पर तनाव कम होने के बीच LAC से जुड़ी एक अहम जानकारी सामने आई है। रक्षा मंत्रालय की वार्षिक रिपोर्ट 2025-26 के मुताबिक, चीन ने 2025 में LAC के पास अपनी सैन्य तैनाती घटाई। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि चीन ने LAC और पारंपरिक प्रशिक्षण क्षेत्रों से 10 कंबाइंड आर्म्स ब्रिगेड के बराबर सैन्य बलों को पीछे हटाया है।
LAC पर चीन की तैनाती घटी, भारत ने बनाए रखी पकड़
रक्षा मंत्रालय की वार्षिक रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 में उत्तरी सीमा पर PLA की मौजूदगी में कमी दर्ज की गई। LAC के अलग-अलग इलाकों और पारंपरिक प्रशिक्षण क्षेत्रों में 10 कंबाइंड आर्म्स ब्रिगेड के बराबर चीनी सैनिक तैनात थे, जिनकी संख्या अब कम हुई है। हालांकि, भारत ने सीमा पर अपनी सैन्य तैयारियों में कोई ढील नहीं दी है। सेना ने LAC के सभी सेक्टरों में मजबूत तैनाती कायम रखते हुए किसी भी संभावित चुनौती से निपटने की तैयारी बरकरार रखी है।
बातचीत बढ़ी तो LAC पर घटा तनाव
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, चीनी सैनिकों की तैनाती में कमी के पीछे भारत और चीन के बीच राजनीतिक, कूटनीतिक और सैन्य स्तर पर बढ़ा संवाद भी अहम रहा। मंत्रालय ने कहा कि दोनों देशों के लगातार प्रयासों से उत्तरी सीमाओं पर सकारात्मक बदलाव देखने को मिले और स्थिरता मजबूत हुई। रिपोर्ट में WMCC की 33वीं और 34वीं बैठक का भी उल्लेख है, जो मार्च और जुलाई 2025 में हुई थीं। इन बैठकों के जरिए दोनों देशों ने सीमा से जुड़े मुद्दों पर बातचीत का सिलसिला जारी रखा।
जम्मू-कश्मीर में भी हालात काबू में
रक्षा मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय सेना के लगातार प्रयासों से जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा स्थिति नियंत्रण में बनी हुई है। मंत्रालय ने हिंसा में कमी, विरोध प्रदर्शनों में गिरावट और पत्थरबाजी की घटनाएं शून्य होने का दावा किया है। रिपोर्ट में कहा गया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जम्मू-कश्मीर और LoC पर हालात में बड़ा बदलाव आया था, लेकिन 10 और 12 मई 2025 को दोनों देशों के DGsMO के बीच हुई बातचीत के बाद स्थिति काफी हद तक स्थिर हो गई।

