होम = Breaking = लोकसभा में आज एंटी-पेपर लीक बिल पर घमासान, विपक्ष-सरकार आमने-सामने

लोकसभा में आज एंटी-पेपर लीक बिल पर घमासान, विपक्ष-सरकार आमने-सामने

by | Jul 28, 2026 | Breaking, News Latest

Anti Paper Leak Bill 2026: एक हफ्ते तक हंगामे की भेंट चढ़ी संसद अब बड़े फैसले की ओर बढ़ रही है। सरकार और विपक्ष के बीच बनी सहमति के बाद मंगलवार को लोकसभा में एंटी-पेपर लीक बिल पर निर्णायक बहस होगी। यह विधेयक देश की परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाने और पेपर लीक पर सख्त कार्रवाई के उद्देश्य से लाया गया है।

प्रधान के इस्तीफे के बाद बदला है सियासी माहौल

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के दो दिन बाद संसद का सियासी माहौल बदलता नजर आया। नीट (यूजी) पेपर लीक मामले को लेकर लंबे छात्र आंदोलन और विपक्ष के दबाव के बीच पर्दे के पीछे हुई बातचीत रंग लाई। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और सरकार के फ्लोर मैनेजरों की पहल के बाद गतिरोध खत्म करने पर सहमति बनी, हालांकि छात्र आंदोलन के दौरान कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में विपक्ष का हंगामा दिनभर जारी रहा।

आज लोकसभा में होगी एंटी-पेपर लीक बिल पर बहस

सूत्रों के मुताबिक, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गतिरोध खत्म कराने के लिए विभिन्न दलों के फ्लोर नेताओं से लगातार बातचीत की। इस दौरान सरकार के फ्लोर मैनेजरों ने भी विपक्ष के साथ कई दौर की चर्चा की। आखिरकार दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हुए कि मंगलवार को एंटी-पेपर लीक बिल पर चर्चा होगी। बहस के दौरान सांसद अपने संशोधन प्रस्ताव रखेंगे, जिसके बाद सरकार उनका जवाब देगी।