Thursday, Sep 24

होम = Cover Story Latest = यूपी विधानसभा चुनाव से पहले लोनी बीजेपी में 2 खेमे आमने-सामने, नंदकिशोर गुर्जर और ईश्वर मावी के समर्थकों ने की अलग पंचायत

यूपी विधानसभा चुनाव से पहले लोनी बीजेपी में 2 खेमे आमने-सामने, नंदकिशोर गुर्जर और ईश्वर मावी के समर्थकों ने की अलग पंचायत

Nandkishor Gurjar News: उत्तर प्रदेश के लोनी विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी की अंदरूनी खींचतान अब खुलकर सामने आती दिख रही है। रेस्टोरेंट में नेताओं की बैठक और प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर विवाद के बाद विधायक नंदकिशोर गुर्जर भी मौके पर पहुंच गए, जहां जमकर गहमागहमी हुई। इस दौरान के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें विधायक कथित तौर पर गाली-गलौज करते सुनाई दे रहे हैं। इसके बाद बीजेपी नेता ईश्वर मावी ने मंगलवार को पंचायत कर विधायक के रवैये पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि पार्टी की विचारधारा से अलग काम किया जा रहा है।

विधायक के खिलाफ पंचायत में उठी कार्रवाई की मांग

पंचायत अध्यक्ष राजपाल ने मामले को लेकर कमेटी बनाने और अगली पंचायत में गाली-गलौज के आरोपों पर फैसला लेने की बात कही है। वहीं, बीजेपी ओबीसी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष योगेंद्र मावी ने विधायक नंदकिशोर गुर्जर पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी विचारधारा भाजपा की विचारधारा से मेल नहीं खाती।

विधायक के समर्थन में भी जुटे लोग

दूसरी ओर, निठौरा और रिस्तल गांव के लोगों ने विधायक नंदकिशोर गुर्जर के समर्थन में पंचायत की। लोगों ने कहा कि विधायक हिंदुत्व और विकास के मुद्दों पर लगातार काम कर रहे हैं। विधायक ने सफाई देते हुए कहा कि उन्हें सूचना मिली थी कि कुछ लोग हाजी सलमान के पक्ष में प्रेस वार्ता कर रहे हैं, जिस पर उनकी कहासुनी हुई थी। उन्होंने ईश्वर मावी के साथ अभद्र भाषा इस्तेमाल करने से इनकार किया और दावा किया कि AI की मदद से वीडियो बनाकर उन्हें बदनाम किया जा रहा है।