Thursday, Sep 24

होम = News Big = लव मैरिज से खफा परिजन, युवती के अपहरण का आरोप; सड़क पर भिड़े दो पक्ष, 6 घायल

लव मैरिज से खफा परिजन, युवती के अपहरण का आरोप; सड़क पर भिड़े दो पक्ष, 6 घायल

Love Marriage Kidnapping Case: बेंगलुरु के अग्रहारा दशरहल्ली इलाके में एक युवती को जबरन कार में ले जाने की कोशिश के बाद सड़क पर हंगामा मच गया। युवती को ले जा रही कार का आसपास के लोगों ने पीछा किया, इस दौरान कार ने कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे 6 लोग घायल हो गए। पुलिस की जांच में सामने आया कि मामला युवती के प्रेम विवाह से जुड़ा है और परिजन इस शादी से नाराज थे।

प्रेम विवाह से नाराज था परिवार

युवती की पहचान राजस्थान निवासी पूजा के रूप में हुई है। उसने करीब 8-9 महीने पहले राजस्थान के ही रहने वाले ओम प्रकाश से प्रेम विवाह किया था। दोनों परिवार इस शादी से नाराज थे, जिसके बाद पूजा और ओम प्रकाश बेंगलुरु में आकर रहने लगे। बताया गया है कि पूजा के परिवार ने उसे वापस ले जाने के लिए चार लोगों को कार से बेंगलुरु भेजा था। बीती शाम ये लोग पूजा को कथित तौर पर जबरन कार में बैठाकर ले जाने लगे, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और हंगामा शुरू हो गया।

कार रोकने की कोशिश में 6 लोग घायल

पूजा को कार में बैठाने के दौरान वह चिल्लाने लगी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और कार का पीछा शुरू कर दिया। लोगों ने होसाहल्ली के पास कार को रोक लिया। इस दौरान कुछ लोगों ने कार पर पत्थर भी फेंके। आपाधापी के बीच कार ने 6 लोगों को टक्कर मार दी, जिससे वे घायल हो गए। घायलों की पहचान पृथ्वीराज, यशिका, अमुल, मणि, जयलक्ष्मी और संतोष के रूप में हुई है। जयलक्ष्मी के सिर में गंभीर चोट आई है और उन्हें ICU में भर्ती कराया गया है।