Monday, Sep 28

होम = Breaking = हिंसा के बाद LPU में 10 दिन तक नियमित पढ़ाई बंद, घर लौट रहे छात्र

हिंसा के बाद LPU में 10 दिन तक नियमित पढ़ाई बंद, घर लौट रहे छात्र

LPU Student Protest: पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में हिंसक विरोध के बाद नियमित कक्षाएं 10 दिनों के लिए सस्पेंड कर दी गई हैं। 28 सितंबर से कक्षाएं बंद होने के बाद कई छात्र अब अपने घर लौट रहे हैं। यूनिवर्सिटी की ओर से नोटिस मिलने के बाद छात्रों ने कैंपस छोड़ना शुरू कर दिया है। छात्रों के मुताबिक, फिलहाल कैंपस के अंदर स्थिति शांत है और हालात सामान्य रहने पर एक-दो सप्ताह में कक्षाएं फिर शुरू हो सकती हैं।

क्लासेज सस्पेंड, मिड टर्म एग्जाम भी टले

LPU में हुए बवाल के बाद 10 दिनों के लिए नियमित कक्षाएं सस्पेंड कर दी गई हैं। इसके साथ ही मिड टर्म परीक्षाएं भी स्थगित कर दी गई हैं, जिसके बाद बड़ी संख्या में छात्र अपने घर लौट रहे हैं। यूनिवर्सिटी के बाहर छात्र बैग लेकर निकलते नजर आए। छात्रों ने बताया कि उनके परिजन भी स्थिति को लेकर चिंतित हैं और उन्हें घर वापस बुला रहे हैं। कई दिनों से कैंपस में तनाव का माहौल होने की बात कही गई। फिलहाल हाईवे खोल दिया गया है, जबकि यूनिवर्सिटी में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। एहतियातन LPU के आसपास मोबाइल इंटरनेट सेवा भी बंद की गई है।

छात्रा से दुष्कर्म के आरोप के बाद भड़की हिंसा

पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में रविवार को छात्रों का प्रदर्शन हिंसक हो गया। प्रदर्शनकारियों ने परिसर में तोड़फोड़ करने के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग को भी ब्लॉक कर दिया। छात्रों का आरोप था कि यूनिवर्सिटी परिसर में एक बाहरी व्यक्ति ने एक छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। अधिकारियों के मुताबिक, रविवार शाम प्रदर्शनकारी छात्रों ने पुलिसकर्मियों पर पत्थर फेंके और उनके वाहनों को निशाना बनाया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए।

ये भी पढ़ें: विश्वविद्यालयों में छात्रों का प्रदर्शन, हंगामे के बाद आगजनी-तोड़फोड़ से मची अफरा-तफरी