Saturday, Nov 14

होम = Breaking = पुलिस बैरिकेडिंग तोड़कर विधानसभा पहुंचे वकील… आखिर अधिवक्ता सुरक्षा कानून की मांग पर क्यों कर रहे प्रदर्शन?

पुलिस बैरिकेडिंग तोड़कर विधानसभा पहुंचे वकील… आखिर अधिवक्ता सुरक्षा कानून की मांग पर क्यों कर रहे प्रदर्शन?

Advocate Protection Act Protest Lucknow: लखनऊ में वकीलों का विधानसभा घेराव, बैरिकेडिंग तोड़कर पहुंचे; अधिवक्ता सुरक्षा कानून की मांग

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग को लेकर शनिवार को वकीलों ने विधानसभा का घेराव किया। लखनऊ बार एसोसिएशन और सेंट्रल बार एसोसिएशन के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान वकीलों ने पुलिस की कई बैरिकेडिंग तोड़ दी और हजरतगंज चौराहे से आगे बढ़ते हुए विधानसभा के सामने पहुंच गए।

हापुड़ घटना के बाद तैयार हुआ था कानून का ड्राफ्ट

सेंट्रल बार एसोसिएशन के महामंत्री अवनीश दीक्षित ने बताया कि हापुड़ में हुई घटना के बाद वकीलों की सुरक्षा के लिए अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम का मसौदा तैयार किया गया था, लेकिन उसे ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। उनका कहना है कि अधिवक्ताओं के साथ लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से उनमें असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।

वकीलों की मांग है कि सरकार अधिनियम का ड्राफ्ट उनके सामने रखे और जल्द इसे लागू करे। बीते दिनों कानपुर में हुए अधिवेशन के बाद शनिवार को विधानसभा घेराव का निर्णय लिया गया था।

मांग पूरी नहीं हुई तो होगी अधिवक्ता महापंचायत

लखनऊ बार एसोसिएशन के महामंत्री जितेंद्र सिंह यादव ने कहा कि जिस तरह दलित उत्पीड़न रोकने के लिए एससी-एसटी एक्ट बनाया गया है, उसी तरह अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए भी कानून होना चाहिए। उन्होंने कहा कि वकील लोगों को न्याय दिलाने का काम करते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा जरूरी है।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करने की दिशा में कदम नहीं उठाया तो लखनऊ में अधिवक्ता महापंचायत आयोजित की जाएगी।

पुलिस ने की थी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने हजरतगंज और विधानसभा के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी थी। स्वास्थ्य भवन चौराहे से हजरतगंज तक बैरिकेडिंग की गई थी। हालांकि, प्रदर्शनकारी कई बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ गए। प्रशासन ने किसी भी तरह की अव्यवस्था रोकने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे।

ये भी पढ़े: 36 घंटे से ज्यादा बाद खत्म हुआ Microsoft का ग्लोबल आउटेज, Outlook-Teams समेत सेवाएं बहाल