Lucknow: लखनऊ के करोड़पति कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड में गिरफ्तार मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश से पूछताछ में कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। पुलिस के मुताबिक, वारदात वाले दिन श्रद्धा ने शिवा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया था। उसे अपमानित करने के लिए कपड़े उतरवाए गए और शरीर पर लिपस्टिक लगाई गई।
जबरन डांस कराया, आपत्तिजनक वीडियो बनाने का आरोप
पुलिस पूछताछ के अनुसार, श्रद्धा ने अपनी बहन रश्मि, करीबी आमिर और ड्राइवर दानिश के सामने शिवा को जबरन डांस करने के लिए मजबूर किया। आरोप है कि चारों ने घंटों तक उसे अपमानित और प्रताड़ित किया। श्रद्धा ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह शिवा का इस्तेमाल कर रही थी और वह उसके नियंत्रण में था। वह शिवा से अपने पैर भी दबवाती थी। श्रद्धा पर उसके कई आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का भी आरोप है।
हुक्का बार में अमीर परिवारों को बनाती थी निशाना
जांच में सामने आया कि श्रद्धा अपने रसूख का डर दिखाने के लिए शिवा को बड़े अधिकारियों और प्रभावशाली लोगों के साथ पार्टी की तस्वीरें दिखाती थी। ये तस्वीरें पेन ड्राइव में रखी गई थीं। आरोप है कि वह प्रभावशाली लोगों के नाम लेकर दूसरों पर धौंस जमाती थी। इसी कथित प्रभाव का इस्तेमाल कर उसने हजरतगंज थाने में एक FIR भी दर्ज कराई थी।
पुलिस के मुताबिक, श्रद्धा हर रात विभूतिखंड के किसान बाजार स्थित एक कैफे में अपने साथियों के साथ जाती थी। वहां हुक्का पीते हुए वे अमीर परिवारों के लोगों को निशाना बनाने की योजना बनाते थे। शिवा से उसकी पहली मुलाकात भी इसी कैफे में हुई थी। सोशल मीडिया पर श्रद्धा की ज्यादातर तस्वीरें इसी कैफे की बताई जा रही हैं।
कैफे संचालक और आमिर फरार, आरोपियों की हिरासत बढ़ी
श्रद्धा और उसके साथियों की गिरफ्तारी के बाद कैफे संचालक दुकान बंद कर फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। शिवा को प्रताड़ित करने और वारदात के बाद उसे नेपाल भगाने में मदद करने का आरोपी आमिर भी फरार है।
इस बीच, श्रद्धा, रश्मि और दानिश को CJM कोर्ट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश किया गया। अदालत ने तीनों की न्यायिक हिरासत 13 नवंबर तक बढ़ा दी। श्रद्धा ने जेल में अपने वकील से मुलाकात के लिए सप्ताह में अधिक समय मांगा। उसने अदालत में सशरीर पेश किए जाने की मांग भी की, लेकिन वजह पूछे जाने पर चुप रही। कोर्ट ने कहा कि जरूरत पड़ने पर ही उसे अदालत में पेश किया जाएगा।
ये भी पढ़े: महाराष्ट्र में FDA की बड़ी कार्रवाई, 9 करोड़ के खाद्य सामान जब्त; पतंजलि का घी भी शामिल

