Tuesday, Nov 10

होम = Breaking = ऑस्ट्रेलिया से लौटते ही पत्नी पर टूटा पति का कहर, चाकू से वार कर उतारा मौत के घात, गिरफ्तार

ऑस्ट्रेलिया से लौटते ही पत्नी पर टूटा पति का कहर, चाकू से वार कर उतारा मौत के घात, गिरफ्तार

Ludhiana: पंजाब के लुधियाना में पत्नी की बेवफाई के शक में एक व्यक्ति ने उसकी चाकू मारकर हत्या कर दी. आरोपी पति की पहचान 50 वर्षीय रविंदर सिंह के रूप में हुई है, जबकि मृतका 49 वर्षीय कमलदीप कौर थी. आरोपी ऑस्ट्रेलिया से लौटने के महज दो दिन बाद ही इस वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गया. हालांकि, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है.

यह घटना शनिवार देर शाम पखोवाल रोड स्थित विकास नगर में दंपति के घर पर हुई. रविंदर सिंह लुधियाना में पिकअप वैन चलाता है.

ऑस्ट्रेलिया से लौटने के बाद हुई वारदात

पुलिस के मुताबिक, दंपति अपने छोटे बेटे से मिलने ऑस्ट्रेलिया गया था, जहां वह रहता है. कमलदीप कौर करीब चार महीने पहले भारत लौट आई थीं, जबकि रविंदर सिंह 29 अक्टूबर को वापस आया था. उनका बड़ा बेटा गगनदीप सिंह लुधियाना में ही माता-पिता के साथ रहता है.

SHO गुरमुख सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में पत्नी के चरित्र पर शक हत्या की वजह माना जा रहा है. हालांकि, बेटे के बयान के मुताबिक, पिता के लौटने के बाद माता-पिता के बीच किसी बड़े विवाद या अनबन की जानकारी नहीं थी.

शनिवार शाम रविंदर ने गगनदीप को पास के बाजार से दूध लाने भेजा. जब वह वापस लौटा, तो उसने पिता को घर से बाहर भागते देखा. पूछने पर रविंदर ने उसे अंदर जाकर देखने को कहा.

पेट और गर्दन पर चाकू से किए कई वार

घर के अंदर गगनदीप ने अपनी मां को बिस्तर पर खून से लथपथ पाया. उनके पेट और गर्दन पर चाकू के कई गहरे घाव थे. उसने शोर मचाया और पड़ोसियों की मदद से मां को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने रसोई के चाकू से पत्नी पर कई वार किए. वारदात के बाद उसने सबूत मिटाने के इरादे से चाकू धोकर वापस रसोई में रख दिया और फरार हो गया. पुलिस को शक है कि वह हत्या की योजना बनाकर ही लौटा था.

पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू जब्त कर लिया है. दुगरी पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज किया गया है. आरोपी रविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है.