Macron Iceland PM: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों एक बार फिर महिला नेता के साथ अपने अभिवादन के अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। इस बार आइसलैंड की प्रधानमंत्री क्रिस्ट्रुन फ्रॉस्टाडॉटिर के साथ उनकी मुलाकात का एक वीडियो और तस्वीर सामने आई है। इसमें मैक्रों उन्हें गले लगाने के लिए आगे बढ़ते दिखाई दे रहे हैं, जबकि फ्रॉस्टाडॉटिर थोड़ा पीछे हटती नजर आती हैं।
मैक्रों के अभिवादन पर दिखीं असहज
यूरोपीय नेताओं की बैठक के दौरान मैक्रों आइसलैंड की प्रधानमंत्री से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने उन्हें गले लगाने के लिए आगे बढ़ने की कोशिश की, लेकिन फ्रॉस्टाडॉटिर कुछ पीछे हट गईं। उन्होंने मैक्रों के कंधे पर हाथ रख दिया। तस्वीर में आइसलैंड की प्रधानमंत्री के चेहरे के भाव भी साफ नजर आ रहे हैं। ऐसा लग रहा था कि वह इस अभिवादन से बचना चाहती थीं। इस दौरान उन्होंने पास खड़े एक फोटोग्राफर की ओर भी देखा। दूसरी तरफ मैक्रों के चेहरे पर बड़ी मुस्कान थी और वह उत्साह के साथ उनकी तरफ झुक रहे थे। दोनों नेताओं के अलग-अलग हावभाव वाला यह पल कैमरे में कैद होने के बाद चर्चा का विषय बन गया।
जॉर्जिया मेलोनी के साथ भी वायरल हुए थे ऐसे पल
मैक्रों इससे पहले इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ भी ऐसे पलों को लेकर सुर्खियों में आ चुके हैं। पिछले साल G7 समिट के दौरान दोनों का एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें मैक्रों मेलोनी के कान में कुछ कहते दिखाई दिए थे। वीडियो के आखिर में मेलोनी आंखें घुमाती नजर आई थीं। इसके बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने कयास लगाने शुरू कर दिए थे कि मैक्रों ने उनसे क्या कहा होगा।
एलिसी पैलेस में भी कैद हुआ था अजीब पल
इस साल की शुरुआत में पेरिस स्थित एलिसी पैलेस में भी मैक्रों और मेलोनी की मुलाकात का एक पल कैमरे में कैद हुआ था। मैक्रों ने मेलोनी का स्वागत करते हुए उनके गाल पर चुंबन दिया, लेकिन वह कुछ ज्यादा देर तक ऐसा करते रहे। इस दौरान मेलोनी थोड़ी असहज दिखीं और बाद में खुद को संभालती नजर आईं। उस समय अमेरिका और यूरोप के नेताओं की एक अहम बैठक चल रही थी, लेकिन मैक्रों और मेलोनी के अभिवादन का यह पल सोशल मीडिया पर छा गया था।
ये भी पढ़ें: सोनिया गांधी का 12 साल पुराना वादा पूरा, किताब रिलीज होते ही गूगल पर 1550% बढ़ी सर्च

