Sunday, Sep 13

होम = Breaking = मोदी के साथ BRICS डिनर में अनवर इब्राहिम ने गाए किशोर कुमार के गाने

मोदी के साथ BRICS डिनर में अनवर इब्राहिम ने गाए किशोर कुमार के गाने

by | Sep 13, 2026 | Breaking, News Featured

Anwar Ibrahim Hindi Songs: नई दिल्ली में हुए ब्रिक्स डिनर में मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम का अलग अंदाज देखने को मिला। शनिवार को उन्होंने डिनर के दौरान हिंदी फिल्मों के दो मशहूर गाने गाए। अनवर इब्राहिम के गाने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पियानो पर अनवर ने छेड़े किशोर-मुकेश के नगमे

करीब डेढ़ मिनट के वीडियो में अनवर इब्राहिम पियानो की धुन पर किशोर कुमार का मशहूर गाना ‘ख़्वाब हो तुम या कोई हक़ीक़त’ और मुकेश का ‘दोस्त दोस्त ना रहा’ गाते नजर आ रहे हैं। उन्होंने दोनों गानों के कुछ अंतरे गाए। अनवर ने यह वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर शेयर करते हुए लिखा, “गुरु, थोड़ा-सा गाने की इजाज़त है?”

हिंदी गानों के मुरीद हैं अनवर इब्राहिम

अनवर इब्राहिम का हिंदी फिल्मों से लगाव पहले भी सामने आ चुका है। किशोर कुमार का ‘ख़्वाब हो तुम या कोई हक़ीक़त’ 1965 की फिल्म तीन देवियां का गाना है, जबकि मुकेश का ‘दोस्त दोस्त ना रहा’ 1964 की फिल्म संगम का लोकप्रिय गीत है। इससे पहले फरवरी 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मलेशिया यात्रा के दौरान अनवर ने एक वीडियो मोंटाज शेयर किया था, जिसमें कभी खुशी कभी गम का ‘बोले चूड़ियां’ गाना इस्तेमाल किया गया था।