Mandeep Bhandari: केंद्र सरकार के प्रशासनिक फेरबदल में 10 वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। इसी बदलाव के तहत 2001 बैच के AGMUT कैडर के IAS अधिकारी मंदीप भंडारी को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) का नया चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति को कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने मंजूरी दी है।
CBSE में शिकायतों के बीच नियुक्ति
मंदीप भंडारी की नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब CBSE के On-Screen Marking (OSM) सिस्टम और डिजिटल मूल्यांकन व्यवस्था को लेकर 2026 में शिकायतें सामने आई थीं। डिजिटल मूल्यांकन से जुड़ी सेवाओं की खरीद के मामले की जांच के लिए केंद्र सरकार की ओर से एक समिति भी गठित की गई थी।
कौन हैं मंदीप भंडारी
मंदीप भंडारी 2001 बैच के IAS अधिकारी हैं और AGMUT कैडर से आते हैं। नियुक्ति से पहले वह जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल के प्रधान सचिव के रूप में कार्यरत थे। उन्हें प्रशासनिक क्षेत्र में 25 साल से अधिक का अनुभव है और उन्होंने अपने करियर में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं।
डॉक्टर से बने IAS अधिकारी
मंदीप भंडारी ने पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ और दयानंद मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल से MBBS की पढ़ाई की है। वह MBBS गोल्ड मेडलिस्ट भी रह चुके हैं। इसके बाद उन्होंने प्रशासनिक सेवा का रास्ता चुना और IAS अधिकारी बने।
कई अहम पदों पर कर चुके हैं काम
अपने करीब 25 साल के प्रशासनिक करियर में मंदीप भंडारी ने कई पदों पर जिम्मेदारी निभाई है। इनमें जॉइंट सेक्रेटरी, मंत्री के पर्सनल सेक्रेटरी, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी, डिप्टी कमिश्नर, अतिरिक्त डेवलपमेंट कमिश्नर, एडिशनल सेक्रेटरी और मुख्य प्रशासनिक अधिकारी जैसे पद शामिल हैं।
ये भी पड़े: विश्वविद्यालयों में छात्रों का प्रदर्शन, हंगामे के बाद आगजनी-तोड़फोड़ से मची अफरा-तफरी

