Manipur BJP News: मणिपुर में बीजेपी के विधायक एल. सुसींद्रो मैइती ने अपनी ही पार्टी को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर राज्य सरकार लोगों के हित में काम नहीं करती है, तो उन्हें बीजेपी छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है। मैइती ने पार्टी के राज्य नेतृत्व पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उनके निर्वाचन क्षेत्र के लोग बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ने के बजाय किसी दूसरी पार्टी या निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरने की सलाह दे रहे हैं।
चुनाव से पहले BJP विधायक ने बढ़ाई पार्टी की चिंता
मणिपुर में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव से पहले बीजेपी विधायक एल. सुसींद्रो मैइती के बयान ने पार्टी की चिंता बढ़ा दी है। उन्होंने साफ किया कि फिलहाल बीजेपी छोड़ने की उनकी कोई योजना नहीं है, लेकिन अगर बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार लोगों के हित में काम नहीं करती है तो उन्हें पार्टी छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है।
मैइती बोले- जनता के बीच रहना सबसे जरूरी
राष्ट्रपति शासन लागू होने से पहले एल. सुसींद्रो मैइती, तत्कालीन मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह की सरकार में उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री थे। पिछले साल की शुरुआत में मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू किया गया था। अब अपने विधानसभा क्षेत्र खुरई में ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम के दौरान मैइती ने कहा कि उनके लिए सबसे अहम है जनता के साथ खड़ा रहना और उनके हित में काम करना।

