Manipur Violence: मणिपुर में एक बार फिर हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। नोनी जिले के एक पहाड़ी गांव में दो विरोधी गुटों के बीच हुई गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच कई घंटों तक मुठभेड़ चली। पुलिस ने भी तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है। फिलहाल घटना के कारणों और इसमें शामिल लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
NSCN-IM और ZUF-K के कैडरों पर हत्या का आरोप
कुकी आदिवासी संगठन कुकी इनपी मणिपुर (KIM) ने तीनों युवकों की हत्या के लिए नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नगालिम-इसाक मुइवा (NSCN-IM) और जेलियांग्रोंग यूनाइटेड फ्रंट (ZUF-K) के कामसन गुट के सशस्त्र कैडरों को जिम्मेदार ठहराया है। संगठन ने सरकार से आरोपियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई करने और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की है।
गांवों को सुरक्षा देने में नाकाम रहने का आरोप
KIM ने राज्य सरकार पर कुकी-जो बहुल गांवों को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने में विफल रहने का आरोप लगाया। संगठन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था में कमी के कारण ऐसी घटनाएं हो रही हैं। हालांकि, हत्या को लेकर संगठन की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
तीन जिलों में आदिवासी समुदायों ने निकाली रैलियां
मणिपुर में जारी हिंसा और तनाव के बीच शनिवार को इंफाल, सेनापति और चंदेल में आदिवासी समुदायों ने विरोध रैलियां निकालीं। प्रदर्शनकारियों ने स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और कुकी उग्रवादी समूहों के साथ हुए सस्पेंशन ऑफ ऑपरेशन (SoO) समझौते को रद्द करने की मांग उठाई।
विस्थापित परिवारों की सुरक्षित वापसी की मांग
प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से मणिपुर में जारी संकट खत्म करने और आदिवासी समुदायों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की। उन्होंने हिंसा के कारण अपने घर छोड़ने को मजबूर हुए हजारों परिवारों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने की भी मांग की।
ये भी पढ़ें: मणिपुर में फिर भड़की हिंसा, पिछले 24 घंटे में 9 की मौत; 30 से ज्यादा घर-दुकानों में आग

