होम = Breaking = मेरठ में जन्मदिन पार्टी से लौट रही युवती को पूर्व प्रेमी ने मारी गोली, हालत गंभीर

मेरठ में जन्मदिन पार्टी से लौट रही युवती को पूर्व प्रेमी ने मारी गोली, हालत गंभीर

Meerut: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के लिसाड़ी गेट इलाके में गुरुवार रात एक युवती को उसके पूर्व प्रेमी ने कथित तौर पर गोली मार दी। घायल युवती की पहचान शाहीन के रूप में हुई है, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आरोपी कैफ मौके से फरार हो गया।

जन्मदिन पार्टी से लौटते समय हुई वारदात

जानकारी के अनुसार, शाहीन अपनी सहेली आयशा के साथ एक जन्मदिन की पार्टी से घर लौट रही थी। रास्ते में कैफ ने दोनों को रोक लिया। पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई, जिसके बाद आरोपी ने तमंचा निकालकर फायरिंग कर दी। गोली शाहीन के कान के पास लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी। गोली चलने की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले और सीओ कोतवाली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल युवती को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।

प्रेम संबंध का विवाद, जांच जारी

एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि शुरुआती जांच में शाहीन और कैफ के बीच पुराने प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। पुलिस ने पीड़िता के परिजनों से संपर्क कर लिया है और चोट की प्रकृति का परीक्षण कराया जा रहा है। फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़े: PoK के गिलगित-बाल्टिस्तान को 5वां प्रांत बनाने की तैयारी, विधानसभा ने पारित किया प्रस्ताव