Meghalaya BJP UDP 8 MLAs Join BJP: पूर्वोत्तर से बीजेपी के लिए बड़ी सियासी खबर सामने आई है। मेघालय में क्षेत्रीय दल UDP को बड़ा झटका लगा है, जहां पार्टी के 8 विधायक बीजेपी में शामिल हो गए हैं। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने सभी विधायकों का पार्टी में स्वागत किया।
पीएम मोदी के लीडरशिप से प्रभावित हुए सभी 8 MLA
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि UDP के 8 विधायक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर और मेघालय में हुए विकास और बदलाव से प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में पूर्वोत्तर को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों और बीजेपी की विकास की राजनीति ने क्षेत्र में नई तस्वीर पेश की है। रिजिजू के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी का पूर्वोत्तर के लोगों से जुड़ाव भी इन विधायकों के बीजेपी में शामिल होने की एक बड़ी वजह है।
3 बार विधायक रहे हैं रिम्बुई
बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने बताया कि तीन बार के विधायक लखमेन रिम्बुई भी पार्टी में शामिल हुए हैं। रिम्बुई 2008, 2018 और 2023 में विधायक चुने गए। 2018 से 2023 के बीच उन्होंने शिक्षा, वन एवं पर्यावरण और गृह एवं पुलिस जैसे विभागों की जिम्मेदारी संभाली। 2025 से वह शिक्षा, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन और कानून मंत्री के तौर पर काम कर रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने विधायकों की मांगें मानी
संबित पात्रा ने बताया कि पायस मारवेन और किर्मेन श्यल्ला भी बीजेपी में शामिल हुए हैं। मारवेन 2018 और 2023 में दो बार विधायक चुने गए और फिलहाल मेघालय सरकार कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन के चेयरमैन हैं। वहीं, किर्मेन श्यल्ला भी दो बार विधायक रहे हैं। उन्होंने 2023 से 2025 तक राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री के तौर पर जिम्मेदारी संभाली। गौरतलब है कि मेघालय में UDP के 8 विधायकों की मांगें केंद्रीय अमित शाह ने मानी हैं। इसी के बाद उन्होंने बीजेपी का दामन थामने का फैसला किया है।

