Thursday, Sep 24

होम = Breaking = मियामी एयरपोर्ट पर अचानक हुआ प्लेन क्रैश, हादसे में 5 लोगों की मौत

मियामी एयरपोर्ट पर अचानक हुआ प्लेन क्रैश, हादसे में 5 लोगों की मौत

Miami Airport Plane Crash: अमेरिका के मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार को एक बड़ा विमान हादसा हो गया। यहां एक कार्गो विमान रनवे से बाहर निकलने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई। इस दुर्घटना में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा और घायलों को अस्पताल ले जाया गया।

रनवे से बाहर निकला था कार्गो विमान

अमेज़न एयर का कार्गो विमान स्थानीय समय के मुताबिक करीब दोपहर 2 बजे लैंडिंग के बाद रनवे से आगे निकल गया और हादसे का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि विमान करीब 209 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से रनवे से बाहर चला गया। बोइंग 767-300 ने कई वाहनों को टक्कर मारी, जिसके बाद विमान में भीषण आग लग गई। हादसे के बाद एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे 200 दमकलकर्मी

हादसे की शुरुआती सूचना मिलते ही करीब 200 दमकलकर्मी मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव का काम शुरू किया। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में घायल हुए पांच लोगों का इलाज चल रहा है। इनमें से तीन को स्थानीय ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जबकि दो अन्य घायलों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।