Mohan Bhagwat UGC Rules: यूजीसी के प्रस्तावित नियमों को लेकर आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत का बड़ा बयान सामने आया है। राजस्थान के भीलवाड़ा में सोमवार को जैन संत आचार्य पुलकसागर महाराज से मुलाकात के दौरान दोनों के बीच यूजीसी के नियमों के साथ सामाजिक समरसता और जातिवाद जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। इसी दौरान भागवत ने प्रस्तावित नियमों को लेकर अपना रुख साफ किया।
UGC नियमों पर भागवत बोले- अभी सिर्फ प्रस्ताव आया है
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मुलाकात के दौरान आचार्य पुलकसागर महाराज ने यूजीसी के प्रस्तावित नियमों का मुद्दा उठाया। अखबार के मुताबिक, इस पर मोहन भागवत ने कहा, “अभी केवल प्रस्ताव आया है, पास नहीं हुआ, ना यह कानून बना है और ना बनेगा।” उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि किसी को भी समाज को तोड़ने नहीं दिया जाएगा। मुलाकात के दौरान दोनों के बीच सामाजिक समरसता और जातिवाद जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
UGC नियमों को लेकर देशभर में हो चुके हैं प्रदर्शन
यूजीसी के प्रस्तावित नए नियमों को लेकर पिछले कुछ महीनों में देश के कई राज्यों में प्रदर्शन देखने को मिले हैं। जहां बड़ी संख्या में लोग इन नियमों के समर्थन में सामने आए, वहीं विरोध करने वाले संगठनों और समूहों ने भी अपनी आपत्ति दर्ज कराई। हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए ‘आरक्षण हटाओ’ आंदोलन के दौरान भी यूजीसी के प्रस्तावित नियमों के खिलाफ नारेबाजी की गई थी।
विवाद के बीच सुप्रीम कोर्ट ने लगाई थी रोक
यूजीसी के प्रस्तावित नियमों को लेकर जारी विवाद के बीच सुप्रीम कोर्ट ने इन नियमों पर रोक लगा दी थी। ऐसे समय में मोहन भागवत की टिप्पणी को अहम माना जा रहा है, जब यूजीसी के प्रस्तावित नियमों को लेकर समाज के अलग-अलग वर्गों के साथ सोशल मीडिया पर भी लगातार बहस चल रही है। उनके बयान के बाद इस मुद्दे पर चर्चा और तेज होने की संभावना है।

