होम = Breaking = मो़जतबा खामेनेई की सेहत पर उठे सवालों के बीच ईरान ने जारी किया वीडियो

मो़जतबा खामेनेई की सेहत पर उठे सवालों के बीच ईरान ने जारी किया वीडियो

Mojtaba Khamenei Health Update: ईरान के सर्वोच्च नेता मो़जतबा खामेनेई की सेहत को लेकर चल रही अटकलों के बीच ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी ‘मेहर न्यूज’ ने उनका एक वीडियो जारी किया है। बिना तारीख वाले इस वीडियो में 56 वर्षीय खामेनेई कुछ समर्थकों से बातचीत करते नजर आ रहे हैं और स्वस्थ दिखाई दे रहे हैं। वीडियो पहली बार मेहर ने जारी किया है, जिसे सरकार का समर्थन प्राप्त है और इसका संचालन इस्लामिक डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन करता है।

यह वीडियो ऐसे समय आया है जब इजरायली मीडिया ने दावा किया था कि खामेनेई को अस्पताल ले जाया गया और उनकी हालत बेहद गंभीर है। शुक्रवार को इजरायली चैनल 14 ने ईरान के सूत्रों के हवाले से उनकी स्थिति को ‘बेहद गंभीर’ बताया। इससे पहले द जेरूसलम पोस्ट ने IranWire और राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के प्रशासन के करीबी सूत्रों के हवाले से स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई थी। एक सूत्र ने यहां तक कहा था कि जल्द उनकी ‘शहादत’ की खबर सुनने में आश्चर्य नहीं होगा।

पेजेशकियन के बयान से बढ़ी अटकलें

ईरानी मीडिया का यह वीडियो इन खबरों का खंडन करने और जनता को भरोसा दिलाने की कोशिश माना जा रहा है। हालांकि, वीडियो कब और किन परिस्थितियों में बनाया गया, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। ANI के मुताबिक, राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने सरकारी टीवी को दिए इंटरव्यू में कहा कि सर्वोच्च नेता से सीधे संपर्क करना बेहद मुश्किल हो गया है।

पिता की मौत के बाद संभाली थी जिम्मेदारी

मो़जतबा खामेनेई ने 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमलों में अपने पिता की मौत के बाद ईरान के सर्वोच्च नेता का पद संभाला था। इसके बाद से वह सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं और केवल लिखित बयानों के जरिए संवाद किया है। वह अपने पिता के अंतिम संस्कार में भी दिखाई नहीं दिए। उनकी लंबी गैरमौजूदगी ने पहले भी मौत की अटकलों को हवा दी थी। हालांकि मई में खामेनेई के कार्यालय ने कहा था कि वह स्वस्थ हैं और देश के मामलों की निगरानी कर रहे हैं। कार्यालय के अंतरराष्ट्रीय मामलों के उप प्रमुख ने कहा था कि दुश्मन अफवाहें फैलाकर ईरान से प्रतिक्रिया हासिल करना चाहते हैं, ताकि अपनी साजिशों को आगे बढ़ा सकें।

ये भी पढ़े: मैसूरु में महिला ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में सुपरवाइजर पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप