Noida Minor Girl: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में माफी मांग चुकी 15 वर्षीय लड़की की मां ने अब प्रधानमंत्री से भावुक अपील की है। उन्होंने बेटी की सुरक्षा, उसके खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस लेने और परिवार के लिए सुरक्षित रहने की जगह की मांग की है। मां का कहना है कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं और वे अपने घर वापस नहीं जा सकते। यह अपील पीएम मोदी के उस बयान के एक दिन बाद आई है, जिसमें उन्होंने विवाद में शामिल बच्चों को माफ कर उन्हें सही राह दिखाने की बात कही थी।
मां बोलीं- घर छोड़ना पड़ा, सुरक्षित रहने की मांग
पत्रकारों से बातचीत में लड़की की मां ने कहा कि घटना के बाद उनके परिवार को अपना घर छोड़ना पड़ा और अब वे अपने पुराने मोहल्ले में नहीं रह सकते। उन्होंने प्रधानमंत्री से बेटी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में उनका परिवार खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे घटनाक्रम के बाद उन्हें लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
'बेटी को उसका हक मिले'
मां ने कहा कि उनके परिवार के पास रहने के लिए सुरक्षित जगह नहीं है। उन्होंने भावुक अपील करते हुए कहा, "हमें रहने के लिए जगह मिलनी चाहिए। प्रधानमंत्री मेरी बेटी को गोद ले लें। उसके पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं। उसे अपने पिता के घर में उसका अधिकार और जायज़ हिस्सा मिलना चाहिए। अगर वह अपने घर में होती, तो आज यह स्थिति नहीं होती।"

