Mother Dairy Milk Price Hike: आम आदमी को महंगाई का एक और झटका लगा है। मदर डेयरी ने दिल्ली-NCR में दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है। कंपनी ने इनपुट कॉस्ट बढ़ने को इसकी वजह बताया है। नई दरें 12 नवंबर से लागू होंगी।
मदर डेयरी दिल्ली-NCR में दूध की सबसे बड़ी आपूर्तिकर्ता है। कंपनी ने छह महीने के भीतर दूसरी बार कीमतें बढ़ाई हैं। इससे पहले 14 मई 2026 को दूध के दाम बढ़ाए गए थे, जबकि उससे पहले अप्रैल 2025 में कीमतों में बदलाव हुआ था।
जानें दूध की नई कीमतें
कीमतों में बढ़ोतरी के बाद फुल क्रीम दूध 76 रुपये और टोंड दूध 62 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। डबल टोंड दूध की कीमत 54 से बढ़कर 56 रुपये हो गई है। वहीं, गाय के दूध का दाम 62 से बढ़ाकर 65 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। NCR में बल्क वेंडेड यानी खुले टोंड दूध की कीमत 58 से बढ़कर 60 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
किसानों से खरीद महंगी होने का असर
PTI के मुताबिक, किसानों से दूध खरीदने की लागत बढ़ने के कारण कंपनी को कीमतों में इजाफा करना पड़ा है। मदर डेयरी अपनी दूध बिक्री से होने वाली कमाई का 75-80 प्रतिशत हिस्सा किसानों को देती है। कंपनी दिल्ली-NCR में आउटलेट, जनरल ट्रेड और ई-कॉमर्स के जरिए रोजाना करीब 35 लाख लीटर दूध बेचती है। देशभर में इसकी दैनिक बिक्री 50 लाख लीटर से अधिक है।
खाद्य महंगाई पर भी पड़ सकता है असर
छह महीने में दूसरी बार दूध महंगा होने से घरेलू बजट पर दबाव बढ़ सकता है और खाद्य महंगाई भी प्रभावित हो सकती है। NSO के मुताबिक, सितंबर में खाद्य महंगाई बढ़कर 7.74 प्रतिशत हो गई, जो अगस्त में 5.97 प्रतिशत थी। वहीं, खुदरा महंगाई दर सितंबर में बढ़कर 5.54 प्रतिशत पहुंच गई, जबकि अगस्त में CPI आधारित महंगाई 4.83 प्रतिशत थी। प्याज और अन्य खाद्य पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी इसका प्रमुख कारण रही। हालांकि, खुदरा महंगाई RBI की निर्धारित सहन-सीमा के भीतर रही।
पिछले वित्त वर्ष में दूध उत्पादों और खाद्य तेलों की बेहतर मांग के चलते मदर डेयरी का टर्नओवर 17 प्रतिशत बढ़कर 20,300 करोड़ रुपये हो गया। 1974 में शुरू हुई यह कंपनी नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (NDDB) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है।

