Sunday, Sep 06

होम = News Top = मुंबई में मोबाइल के गोदाम में लगी भीषण आग, 7 लोगों का हुआ रेस्क्यू

मुंबई में मोबाइल के गोदाम में लगी भीषण आग, 7 लोगों का हुआ रेस्क्यू

Mumbai Fire: मुंबई के मशहूर इलेक्ट्रॉनिक मार्केट लैमिंगटन रोड पर शनिवार देर रात एक बिल्डिंग में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और बिल्डिंग के अंदर फंसे 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात रही कि हादसे में किसी के घायल होने या जान जाने की खबर नहीं है।

ग्राउंड फ्लोर के मोबाइल गोदाम में लगी आग

जानकारी के मुताबिक, आग लैमिंगटन रोड स्थित सरस्वती भवन के ग्राउंड फ्लोर पर बने मोबाइल फोन के गोदाम में लगी। रात करीब 11:33 बजे आग लगने की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस, 108 एम्बुलेंस और बीएमसी वार्ड की टीमें मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड ने आग को लेवल-1 की श्रेणी में रखा और आसपास के फायर स्टेशनों से दमकल की गाड़ियां बुलाकर आग बुझाने का काम शुरू किया।

गोदाम के सामान से तेजी से फैली आग

घटनास्थल पर पहुंचे भाजपा पार्षद सनी सनप ने बताया कि आग रात करीब 11 बजे से 12 बजे के बीच लगी थी। शुरुआत में आग सामान्य थी, लेकिन गोदाम में रखे सामान की वजह से यह तेजी से फैल गई और लपटें तेज हो गईं। इसके बाद आसपास के फायर स्टेशनों से भी दमकल की गाड़ियां मौके पर बुला ली गईं। दमकल विभाग और पुलिस की तत्परता से आग पर जल्द काबू पा लिया गया। इमारत से सुरक्षित निकाले गए सभी 7 लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। फिलहाल आग लगने की वजह की जांच की जा रही है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

Tags : Fire mumbai