होम = क्राइम = मुहर्रम जुलूस में जहरीले कैप्सूल बांटने की कथित साजिश नाकाम, मुंबई पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

मुहर्रम जुलूस में जहरीले कैप्सूल बांटने की कथित साजिश नाकाम, मुंबई पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

Mumbai: मुंबई पुलिस ने मुहर्रम जुलूस के दौरान कथित रूप से जहरीले कैप्सूल बांटने और बेचने के आरोप में फैयाज प्रेमजी नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी बिना अनुमति "दर्द से राहत" के नाम पर लोगों को कैप्सूल वितरित कर रहा था। जेजे और भायखला इलाके से गुजर रहे जुलूस के दौरान पेट्रोलिंग टीम ने उसे संदिग्ध गतिविधि करते देखा और पूछताछ के बाद उसके पास से कैप्सूल बरामद किए।

जांच में क्या सामने आया?

डीसीपी सेंट्रल रीजन जोन-1 जयंत मीणा के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने मुहर्रम जुलूस को निशाना बनाया था। उसने बताया कि उसने 30 हजार खाली कैप्सूल और 50 किलो जिंक फॉस्फाइड (चूहे मारने वाला जहरीला रसायन) मंगवाया था। आरोपी पुणे के विमान नगर का निवासी है, पेंट का कारोबार करता है और बीबीए स्नातक है। जांच में यह भी सामने आया कि उसने कई दिनों तक कैप्सूलों में जहर भरने का काम किया।

पुलिस के अनुसार, कैप्सूल लेने वाले सलमान सैयद नामक व्यक्ति की तबीयत बिगड़ गई थी। पेट दर्द और उल्टी की शिकायत के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

14,900 कैप्सूल बरामद, कई पहलुओं से जांच

भायखला पुलिस ने आरोपी के पास से 14,900 जहरीले कैप्सूल बरामद किए हैं, जिनमें प्रत्येक में लगभग एक ग्राम जिंक फॉस्फाइड मिला था। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 110 और 123 के तहत जहर देने और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।

ईरान-इराक यात्राएं भी जांच के दायरे में

पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी 2019 से 2025 के बीच कई बार ईरान और इराक गया, जबकि पिछले एक वर्ष में उसने 19 यात्राएं कीं। उसकी बहन ईरान में फिजियोथेरेपिस्ट है और मां भी वहीं रहती हैं। मुंबई प्रवास के दौरान वह डोंगरी के एक गेस्ट हाउस में ठहरा था। पुलिस उसके मोबाइल, डिजिटल रिकॉर्ड, वित्तीय लेनदेन और संपर्कों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस कथित साजिश में कोई अन्य व्यक्ति या संगठन शामिल था या नहीं। फिलहाल किसी आतंकी संगठन से संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

ये भी पढ़े: अफगानिस्तान में 6.2 तीव्रता का भूकंप, Delhi-NCR समेत कई देशों में महसूस हुए झटके