Mumbai Rain: महाराष्ट्र में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और इसका सबसे ज्यादा असर मुंबई में देखने को मिल रहा है। बीती रात से जारी मूसलाधार बारिश के चलते शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। पश्चिमी उपनगरों में 190 मिमी तक बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने मुंबई और पालघर के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए अगले कुछ घंटों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है।
मुंबई में जलभराव, कई जिलों में बारिश का अलर्ट
महाराष्ट्र के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है, जिसका सबसे ज्यादा असर मुंबई में देखने को मिल रहा है। भारी बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया है, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ है। हिंदमाता, माटुंगा, कुर्ला और अंधेरी समेत कई क्षेत्रों में सड़कों पर पानी भर गया है। वहीं, IMD ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि महाराष्ट्र के कई जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
बारिश से रेल यातायात प्रभावित
भारी बारिश का असर मुंबई की रेल सेवाओं पर भी पड़ा है। ट्रांस हार्बर रेल मार्ग पर कोपरखैरणे और तुर्भे स्टेशन के बीच पटरियों के नीचे की मिट्टी बह जाने से दोनों दिशाओं में रेल यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। लगातार बारिश के कारण ट्रैक का निचला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके चलते सुरक्षा कारणों से इस रूट पर ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से वैकल्पिक परिवहन साधनों का उपयोग करने की अपील की है।

