Murshidabad Police Attack: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में पुलिस टीम पर देसी बम से हमले का मामला सामने आया है। हमले में एक ASI घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जुए के अड्डे पर कार्रवाई करने पहुंची थी पुलिस
रविवार देर रात पुलिस को मुर्शिदाबाद के सालार इलाके में जुए का अड्डा चलने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची और कथित तौर पर गैर-कानूनी गतिविधि रोकने की कोशिश की, तो बदमाशों ने उन पर देसी बम फेंक दिए। पुलिस को निशाना बनाकर किए गए हमले में ASI सादिक अली घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए बरहमपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इलाके में पुलिस बल तैनात, पूछताछ जारी
घटना के बाद सोमवार सुबह से इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने कई स्थानीय लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों की ओर से हमले में शामिल लोगों की पहचान और घटना की वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
गाल में देसी बम का पुराना कनेक्शन
मुर्शिदाबाद की इस घटना ने पश्चिम बंगाल में देसी बम के इस्तेमाल को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे पहले अप्रैल में विधानसभा चुनाव के दौरान भांगुर में एक तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता के घर से 79 देसी बम बरामद हुए थे। राज्य में पहले भी कई मौकों पर देसी बम मिलने और इनके इस्तेमाल के मामले सामने आते रहे हैं। ऐसे में पुलिस टीम पर सीधे बम से हमला सुरक्षा व्यवस्था और अपराधियों में कानून के डर को लेकर सवाल खड़े करता है। अब देखना होगा कि मुर्शिदाबाद मामले में आरोपियों के खिलाफ पुलिस क्या कार्रवाई करती है।

