Tuesday, Nov 10

होम = Breaking = हरिद्वार जा रहे 6 दोस्तों की कार पलटी, आग लगने से सभी की मौत; दो सगे भाई भी शामिल

हरिद्वार जा रहे 6 दोस्तों की कार पलटी, आग लगने से सभी की मौत; दो सगे भाई भी शामिल

Muzaffarnagar Car Accident: हरियाणा के हिसार से दोस्तों के साथ हरिद्वार में गंगा स्नान करने निकले छह युवकों की यात्रा जिंदगी का आखिरी सफर बन गई। सोमवार (9 नवंबर) की सुबह मुजफ्फरनगर हाईवे पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार दूसरी लेन में पलट गई और उसमें आग लग गई। हादसे में कार सवार सभी छह युवकों की मौत हो गई। मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल हैं। घटना की खबर मिलते ही हरियाणा के हिसार जिले के गांव राखीगढ़ी और मोठ में मातम पसर गया।

छह दोस्त निकले थे गंगा स्नान के लिए, घरों में पसरा मातम

जानकारी के मुताबिक, सभी छह युवक आपस में दोस्त थे और सोमवती अमावस्या के अवसर पर हरिद्वार में गंगा स्नान करने जा रहे थे। मृतकों में राखीगढ़ी निवासी साहिल (20), अमन (21), अंकित (21) और राहुल (23) शामिल थे। वहीं, गांव मोठ के दो युवक भी इस हादसे का शिकार हुए।

साहिल पुत्र सोमकुमार ड्राइविंग का काम करता था। अमन पुत्र रामफल और अजय पुत्र शमशेर गांव मोठ लुहारी के रहने वाले थे और पढ़ाई कर रहे थे। अंकित पुत्र राजेश भी विद्यार्थी था। राखीगढ़ी निवासी अंकित पुत्र समुंदर एसी और फ्रिज रिपेयरिंग का काम करता था, जबकि राहुल गैस बिल्डिंग में मिस्त्री का काम करता था। सभी युवकों की उम्र 20 से 23 साल के बीच थी। किसी के पास नौकरी थी तो कोई पढ़ाई कर रहा था और अपने परिवार के लिए भविष्य के सपने देख रहा था।

हादसे में दो सगे भाइयों की भी गई जान

इस दुर्घटना में दो सगे भाइयों अंकित और राहुल की भी मौत हो गई। एक ही परिवार के दोनों बेटों को खोने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में दोनों भाइयों के लौटने का इंतजार था, वहां अब उनकी यादें ही शेष रह गई हैं। एक साथ रहने, हंसी-मजाक करने और जिंदगी के पल साझा करने वाले दोनों भाई हमेशा के लिए बिछड़ गए।

सुबह पांच बजे डिवाइडर से टकराई कार, फिर लगी आग

मुजफ्फरनगर के एसएसपी सूरज कुमार राय के अनुसार, सोमवार सुबह करीब पांच बजे पुलिस को सूचना मिली कि पानीपत की ओर से आ रही छह लोगों से भरी एक कार जग्गाहेड़ी टोल के बाद फ्लाईओवर पर हादसे का शिकार हो गई है। तेज रफ्तार के कारण चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया और वाहन डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन में पलट गया। इसके बाद कार में आग लग गई।

सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग बुझाने के बाद सभी छह लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन गंभीर रूप से झुलसने के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बिजली के खंभे के दो टुकड़े हो गए और डिवाइडर का करीब 10 मीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। एसएसपी ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

गांवों में शोक की लहर, परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल

हादसे की खबर राखीगढ़ी और आसपास के गांवों में पहुंचते ही कोहराम मच गया। शुरुआत में लोगों को छह युवकों की एक साथ मौत की खबर पर विश्वास नहीं हुआ। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। खासकर दो सगे भाइयों को खोने वाले परिवार का दुख असहनीय है। जिन युवकों के कंधों पर आने वाले समय में परिवार की जिम्मेदारियां उठाने की उम्मीद थी, उनके असमय चले जाने से छह परिवारों की दुनिया उजड़ गई। दोस्तों की यह टोली अब कभी एक साथ दिखाई नहीं देगी और उनकी हंसी-मजाक की यादें ही परिवारों के पास रह गई हैं।