Muzaffarnagar Accident: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में तेज रफ्तार स्कूटी और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उनके सवार सड़क पर दूर जा गिरे। दुर्घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरी घटना पास की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मंदवाड़ा रोड पर आमने-सामने भिड़े स्कूटी और बाइक
यह हादसा बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के मंदवाड़ा रोड पर शुक्रवार रात करीब 9 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार स्कूटी और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन सड़क पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उनके परखच्चे उड़ गए।
दो लोग गंभीर रूप से घायल, मेरठ रेफर
इस दुर्घटना में स्कूटी सवार अजगर उर्फ लाल और बाइक चला रहे दीपक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेरठ रेफर कर दिया।
दुकान के CCTV कैमरे में कैद हुआ खौफनाक मंजर
हादसे की पूरी घटना सड़क किनारे स्थित एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। बाद में किसी ने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद फुटेज तेजी से वायरल होने लगा। वीडियो में स्कूटी और बाइक की जोरदार भिड़ंत का खौफनाक मंजर दिखाई दे रहा है। टक्कर के बाद दोनों वाहन बुरी तरह टूट गए और सवार दूर जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। टक्कर की तेज आवाज और शोर सुनकर आसपास की दुकानों के दुकानदार भी बाहर निकल आए। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
ये भी पढ़ें: ऑपरेशन सिंदूर में अहम भूमिका निभाने वाले अशुतोष दीक्षित ने संभाली वायुसेना की कमान

