Wednesday, Nov 11

होम = Breaking = मुजफ्फरपुर में PNG गैस पाइपलाइन में जोरदार धमाका, एक की मौत; 10 से ज्यादा लोग घायल

मुजफ्फरपुर में PNG गैस पाइपलाइन में जोरदार धमाका, एक की मौत; 10 से ज्यादा लोग घायल

Muzaffarpur: बिहार के मुजफ्फरपुर में सोमवार को PNG गैस पाइपलाइन में भीषण धमाका हो गया. हादसा सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही-डुमरी इलाके में हुआ, जहां सड़क पर नाला निर्माण के लिए खुदाई की जा रही थी. इस दौरान जेसीबी और पोकलेन मशीन से जमीन के नीचे बिछी गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई. इसके बाद गैस का तेजी से रिसाव हुआ और जोरदार विस्फोट हो गया. हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 10 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है.

धमाके से टूटे घरों के शीशे, मकान में लगी आग

विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के कई घरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए. धमाके के बाद इलाके के एक मकान में आग भी लग गई. अचानक हुए इस हादसे से लोगों में दहशत फैल गई और घटनास्थल पर मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है.

पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. सुरक्षा के मद्देनजर सबसे पहले प्रभावित इलाके को खाली कराया गया, ताकि गैस रिसाव और आग से होने वाले खतरे को रोका जा सके.

इसके बाद गैस कंपनी की तकनीकी टीम ने पाइपलाइन का मुख्य वाल्व बंद कर रिसाव पर काबू पाने की प्रक्रिया शुरू की. शुरुआती जानकारी के अनुसार, नाला निर्माण के लिए की जा रही खुदाई के दौरान पाइपलाइन टूटने से यह हादसा हुआ. फिलहाल घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है.

ये भी पढ़े: BJP की आपत्ति के बाद BMC ने हटाया दिया मिर्जा का प्रदूषण मुक्त दिवाली वाला वीडियो, छिड़ा विवाद