Tirhut Canal: बिहार के मुजफ्फरपुर में रविवार तड़के तिरहुत बैतरणी नहर का करीब 40 फीट हिस्सा टूट गया। इसके बाद नहर का पानी आसपास के खेतों और चबड़ में फैलने लगा। देखते ही देखते सैकड़ों एकड़ जमीन जलमग्न हो गई। मामला मड़वन प्रखंड के रक्सा बाजार के पास का है। पानी के तेज बहाव के कारण आसपास के रास्ते पर भी आवाजाही प्रभावित हुई।
ग्रामीणों ने बांध काटे जाने का लगाया आरोप
तटबंध टूटने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों का कहना है कि तटबंध प्राकृतिक रूप से टूटा हुआ नहीं दिख रहा, बल्कि उसे काटे जाने के निशान नजर आ रहे हैं। स्थानीय निवासी शिव चंद्र और चंदन कुमार ओझा ने भी तटबंध में छेड़छाड़ की आशंका जताई। ग्रामीणों के मुताबिक, पानी तेजी से रक्सा इलाके के चबड़ की ओर जा रहा है।
खेतों और घरों तक पहुंचा पानी
नहर का पानी आसपास के खेतों और चबड़ में फैल गया है। कुछ जगहों पर पानी घरों के आसपास तक पहुंचने की बात सामने आई है। फिलहाल ग्रामीणों के अनुसार फसलों को बहुत ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है, क्योंकि पानी खेतों की तुलना में चबड़ की ओर अधिक फैल रहा है। हालांकि, पानी का बहाव जारी रहने पर फसलों और घरों को नुकसान की आशंका बनी हुई है।
पहले भी सामने आ चुकी है ऐसी स्थिति
स्थानीय लोगों का दावा है कि इसी इलाके में पिछले एक साल के दौरान करीब तीन बार ऐसी स्थिति सामने आ चुकी है। ग्रामीणों के मुताबिक, करीब 100 मीटर दूर रक्सा दक्षिणी की ओर भी तटबंध प्रभावित हुआ है। ऐसे में लोगों को आशंका है कि कमजोर हिस्सों की समय पर मरम्मत नहीं हुई तो पानी का बहाव और बढ़ सकता है।
प्रशासन ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि मड़वन रक्सा में तिरहुत नहर का तटबंध टूटा है और सूचना मिलते ही संबंधित विभाग व वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कहा कि जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं और जल्द नहर के बांध की मरम्मत कर दी जाएगी। जिलाधिकारी के अनुसार, पानी का दबाव कम होने के बावजूद बांध कटने की सूचना मिली है। ग्रामीणों से मिली जानकारी के आधार पर असामाजिक तत्वों द्वारा छेड़छाड़ की आशंका की भी जांच की जा रही है।
ये भी पड़े: BJP सांसद शंभू शरण पटेल ने अपनी ही सरकार पर उठाए सवाल, महिला सुरक्षा पर घेरा

