Sunday, Sep 06

होम = Cover Story Featured = पिस्टल निकाली, ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं, फिर बाइक से फरार…नरेला प्रॉपर्टी डीलर का दिनदहाड़े मर्डर

पिस्टल निकाली, ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं, फिर बाइक से फरार…नरेला प्रॉपर्टी डीलर का दिनदहाड़े मर्डर

Narela: दिल्ली के नरेला में 42 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर प्रमोद कुमार की हत्या का CCTV फुटेज सामने आया है। वीडियो में वारदात के तुरंत बाद आरोपी मोटरसाइकिल से भागते नजर आ रहे हैं। एक संदिग्ध के हाथ में पिस्तौल भी साफ दिखाई दे रही है। घटना के 48 घंटे से ज्यादा बीतने के बावजूद शूटर पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

पुलिस की चार टीमें CCTV फुटेज खंगालकर हमलावरों के भागने के रास्ते और उनकी पहचान का पता लगाने में जुटी हैं। जांच में स्थानीय खुफिया तंत्र की भी मदद ली जा रही है।

जिम से लौटते समय बरसाईं गोलियां

घटना 3 सितंबर सुबह करीब 6:50 बजे बकनेर इलाके में दिल्ली अस्पताल के पास हुई। प्रमोद कुमार जिम से लौट रहे थे, तभी मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावरों ने उन पर कई राउंड फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल प्रमोद की मौके पर ही मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई गोलीबारी से इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने घटनास्थल से 15 खाली कारतूस बरामद किए।

गुस्साए लोगों ने किया सड़क जाम

हत्या के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को कार्रवाई का भरोसा दिया।

फिलहाल नरेला पुलिस और स्पेशल स्टाफ की चार टीमें शूटरों की तलाश कर रही हैं। CCTV के साथ स्थानीय स्तर पर भी सुराग जुटाए जा रहे हैं। मामले में नरेला थाने में BNS की धाराओं 103(1), 109(1), 351(2), 3(5) और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।