होम = Breaking = जंतर-मंतर प्रदर्शन पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, तत्काल सुनवाई से किया इनकार

जंतर-मंतर प्रदर्शन पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, तत्काल सुनवाई से किया इनकार

Supreme Court News: NEET पेपर लीक के खिलाफ जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई के आरोपों का मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। लेकिन बुधवार को सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में तत्काल सुनवाई से साफ इनकार कर दिया। मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत ने याचिकाकर्ता के वकील से दो टूक कहा, "हमारा समय बर्बाद मत कीजिए और अपना समय भी बर्बाद मत कीजिए।

पुलिस कार्रवाई का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा

दरअसल, जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक के विरोध और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस की कथित कार्रवाई को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई थी। मामले का उल्लेख करते हुए अधिवक्ता नरेंद्र मिश्रा ने कहा कि छात्र NEET परीक्षा के निष्पक्ष संचालन और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) में सुधार जैसे अहम मुद्दे उठा रहे हैं। हालांकि, उनकी दलील पूरी होने से पहले ही मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने उन्हें बीच में रोकते हुए कहा, "बहुत-बहुत धन्यवाद।" इसके बाद अदालत ने मामले पर तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया।

CJI बोले- वीडियो देखने का समय नहीं, आज हाईकोर्ट में सुनवाई

सुनवाई के दौरान वकील ने पुलिस की कथित कार्रवाई से जुड़े वीडियो का भी हवाला दिया, लेकिन CJI सूर्यकांत ने कहा, "हमें वीडियो में कोई दिलचस्पी नहीं है, उन्हें देखने का हमारे पास समय नहीं है।" वहीं, संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों पर कथित बल प्रयोग के मामले में दायर जनहित याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट आज सुनवाई करेगा। याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया है कि पुलिस की कार्रवाई ने पूरे देश की अंतरात्मा को झकझोर दिया है।

दिल्ली हाईकोर्ट ने भी तत्काल सुनवाई से किया था इनकार

इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने भी एक दिन पहले, यानी मंगलवार को, तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया था। अदालत ने सख्त टिप्पणी करते हुए कहा था, "कोर्ट को इसमें मत घसीटिए।" हालांकि, अब इसी मुद्दे से जुड़ी नई जनहित याचिका पर हाईकोर्ट आज सुनवाई करेगा।